छिंदवाड़ा में एक महिला ने हाथों में मेहंदी से सुसाइड नोट लिखकर अपनी जान दे दी.32 साल की प्रीति वर्मा ने अपने हाथों में मेहंदी से ससुराल के लोगों के प्रताड़ित करने की बातें लिखीं और इसके बाद जहरीला पदार्थ पी लिया. महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
जिले के चौरई थाना इलाके का यह मामला है. यहां चन्हैना खुर्द गांव में प्रीति वर्मा ने मौत को गले लगाने से पहले अपनी हथेलियों और हाथों पर रची मेहंदी से ससुराल वालों के जुल्मों की दास्तान लिखी। उनके हाथ पर लिखे सुसाइड नोट के शब्द किसी भी संवेदनशील इंसान को झकझोर कर रख देंगे।
प्रीति ने लिखा, ''इन्हें कभी जीवन में जेल से बाहर नहीं आना चाहिए. मुझे मां-बहन की गालियां देते थे. फोन में रिकॉर्डिंग है. ससुराल में पांच लोग हैं. मेरे शरीर को इन्हें छूने भी नहीं देना. जेठ जेठानी तक को मुझे छूने नहीं देना. इसकी मां ने बहुत बातें सुनाई हैं.'' देखें VIDEO:-
13 साल का रिश्ता और प्रताड़ना का खौफनाक अंत
मृतक महिला के भाई हरिओम जंघेला ने अस्पताल पहुंचने के बाद मीडिया को बताया कि उनकी बहन की शादी 13 साल पहले हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल के लोग उसे किसी न किसी बात को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. शुक्रवार को जब प्रीति ने जहरीला पदार्थ पिया, तो उसने अस्पताल में भाई को रोते हुए बताया कि ससुराल वालों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की थी, जिससे तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया. उसने मरने से पहले ही अपने हाथों पर प्रताड़ना से जुड़े सारे सबूत और आरोपियों के नाम लिख दिए थे.
पुलिस का बयान
चौरई टीआई मोहन सिंह मर्सकोले ने बताया कि 32 साल की महिला प्रीति वर्मा ने शुक्रवार को जहरीला पदार्थ पी लिया था. उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई. महिला ने हाथों में मेहंदी से लिखकर ससुराल के लोगों पर आरोप लगाए हैं. अभी केस डायरी हमारे पास नहीं आई है. जैसे ही आएगी तो मामले की जांच शुरू करेंगे.