पालघर जिले के वसई पश्चिम (Vasai West) में एक हाउसिंग सोसायटी से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां एक शख्स ने अपने निजी विवाद का गुस्सा एक चार साल के मासूम बच्चे पर उतार दिया. आरोपी ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए बच्चे को जमीन पर पटका और बुरी तरह पीटा. इस दरिंदगी का सीसीटीवी वीडियो अब सामने आया है, जिसे देखकर लोगों का दिल दहल गया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में गुस्से और डर का माहौल है.
यह सनसनीखेज वारदात वसई पश्चिम की अनुपम हाउसिंग सोसायटी में हुई. जहां रहने वाले अतुल कोंढारे और उसी सोसायटी में रहने वाले रिक्शा चालक संदीप पवार के बीच कुछ दिन पहले मामूली विवाद हुआ था. यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने बदला लेने की ठान ली. लेकिन हैरानी की बात यह है कि उसने अपना गुस्सा सीधे उस व्यक्ति पर नहीं, बल्कि उसके मासूम बच्चे पर उतारा.
सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे सोसायटी में रोज की तरह बच्चे खेल रहे थे. उसी दौरान अतुल कोंढारे का चार साल का बेटा विघ्नेश खेलते-खेलते एक ऑटो रिक्शा में जाकर बैठ गया. मासूम को क्या पता था कि अगले ही पल उसके साथ बहुत बुरा होने वाला है. तभी आरोपी संदीप पवार वहां पहुंचा और उसने बाकी बच्चों को वहां से भगा दिया. इसके बाद उसने अकेले विघ्नेश को निशाना बनाया.
आरोपी ने पहले बच्चे को पकड़कर उसका सिर रिक्शा के लोहे के हिस्से पर जोर से दे मारा. इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ. उसने बच्चे के पैर पकड़कर उसे नीचे खींचा और फिर उसे हवा में उछालकर सिर के बल जमीन पर पटक दिया. इस दौरान बच्चा दर्द से चीखता रहा, लेकिन आरोपी पर इसका कोई असर नहीं पड़ा. यह पूरी घटना इतनी बेरहमी से हुई कि देखने वालों की रूह कांप गई.
इतना ही नहीं, आरोपी ने बच्चे को घसीटते हुए सोसायटी की पहली मंजिल की सीढ़ियों तक ले गया और वहां भी उसके साथ मारपीट जारी रखी. इस बीच बच्चे की दादी उसे बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की. आरोपी इस कदर हिंसक और बेरहम था कि उसने मासूम के साथ-साथ बुजुर्ग महिला तक को नहीं बख्शा.
इस पूरी घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. लोग वीडियो देखकर गुस्से से भर उठे. सोसायटी के निवासियों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है. हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर एक शख्स इतना बेरहम कैसे हो सकता है कि उसने एक छोटे बच्चे के साथ इतनी बेरहमी की.
गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत वॉकहार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे की हालत बेहद नाजुक है और उसका ICU में इलाज जारी है. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. परिवार के लोग अस्पताल में उसकी सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं. पूरे इलाके के लोग भी बच्चे के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.
इस मामले में वसई पुलिस थाने में आरोपी संदीप पवार के खिलाफ BNS की धारा 109(1), 115(2), 351(3), 352 और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी को अपने इस कृत्य पर कोई पछतावा नहीं है. वह खुलेआम यह कहते हुए सुना गया कि मैंने बदला लिया है. इस बयान ने लोगों के गुस्से को और भड़का दिया है. अब स्थानीय लोग आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की अमानवीय हरकत करने की हिम्मत न कर सके. यह घटना समाज के लिए एक बड़ा सवाल भी खड़ा करती है कि आखिर इंसानियत कहां खोती जा रही है.
(वसई से प्रवीण नलावडे का इनपुट)