कुछ घंटे का अब इंतजार बचा है, सोमवार की देर शाम जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के आईपीओ में दांव लगाने वाले निवेशकों को धड़ाधड़ मैसेज आने लगेंगे. कुछ ही देर में अलॉटमेंट की प्रक्रिया शुरू होने वाली है.
दरअसल करीब 30,213 करोड़ रुपये इस बड़े आईपीओ को लेकर देशभर के निवेशकों में भारी उत्साह देखा गया. हर छोटे-बड़े निवेशक इस इंतजार में हैं कि उनके डीमैट खाते में जियो के शेयर आएंगे या नहीं. अगर आपको बैंक द्वारा 13,428 रुपये डेबिट के मैसेज आ जाए, तो समझिए आपको आईपीओ में शेयर अलॉट हो गए. वहीं अगर अमाउंट अनब्लॉक्ड का मैसेज आए तो समझिए आपको पैसे वापस कर दिए गए हैं, और आईपीओ में शेयर अलॉट नहीं हुए.
बता दें, जियो प्लेटफॉर्म्स के इस मेगा आईपीओ को निवेशकों और बड़े वित्तीय संस्थानों की तरफ से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली. बंद होने तक इस इश्यू को कुल 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन हासिल हुआ. बड़े संस्थागत निवेशकों (QIB) ने इस पर सबसे ज्यादा भरोसा जताया और इस हिस्से को 70.55 गुना सब्सक्राइब किया.
गैर-संस्थागत निवेशकों (HNI) का कोटा 14 गुना भरा गया. आम खुदरा निवेशकों की कैटेगरी में भी यह इश्यू 2.72 गुना भरकर पूरी तरह ओवरसब्सक्राइब रहा. जानकारों की मानें तो रिटेल कैटेगरी में कम सब्सक्राइब होने की वजह से सबसे ज्यादा अलॉटमेंट चांस हैं.
घर बैठे ऐसे चेक करें अपना अलॉटमेंट स्टे्टस
अगर आपने भी जियो प्लेटफॉर्म्स के इस आईपीओ में पैसे लगाए हैं, तो आप नीचे दिए गए तीन आसान तरीकों से अपना स्टे्टस ऑनलाइन देख सकते हैं.
बीएसई (BSE) की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए-
- सबसे पहले बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं.
- इसके बाद 'Investors' सेक्शन में जाकर 'Status of Issue Application' यानी IPO Allotment विकल्प को चुनें.
- इश्यू टाइप में 'Equity' सिलेक्ट करें.
- अब कंपनियों की लिस्ट में से 'Jio Platforms Limited' चुनें.
- अपना PAN Number या Application Number दर्ज करें.
कैप्चा कोड भरकर 'Search' पर क्लिक करें, स्क्रीन पर आपको अलॉटमेंट की पूरी स्थिति दिख जाएगी. शेयर मिला या नहीं.
रजिस्ट्रार (KFin Technologies) के पोर्टल पर:
आप आईपीओ के आधिकारिक रजिस्ट्रार KFin Technologies की वेबसाइट पर जाकर भी पैन कार्ड, अप्लीकेशन नंबर के जरिए आसानी से स्टेटस जांच सकते हैं.
इसके अलावा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की वेबसाइट पर 'Verify IPO Application Status' पेज पर जाकर भी इसी प्रकार की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है.
जिन आवेदकों को आईपीओ में शेयर अलॉट नहीं होंगे, बैंक खाते में ब्लॉक की गई उनकी आवेदन राशि 27 अक्टूबर 2026 तक अनब्लॉक या रिफंड कर दी जाएगी. वहीं, सफल निवेशकों के डिमैट खातों में शेयर 27 अक्टूबर को क्रेडिट होंगे.
ग्रे मार्केट में कितना है जीएमपी
अनुमान लगाया जा रहा है कि जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर 28 अक्टूबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर धमाकेदार शुरुआत कर सकते हैं. ग्रे मार्केट में भी कंपनी के शेयरों को लेकर निवेशकों में अच्छा खासा क्रेज बना हुआ है. ग्रे मार्केट में जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर लगभग 22% प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं.