scorecardresearch
 

'मेरे बेडरूम में जाओ, तुम धंधेवाली हो...', दिल्ली में नॉर्थ-ईस्ट की लड़कियों से बदसलूकी, महिला पड़ोसी ने पार की हदें

दिल्ली में नस्लभेदी सोच का गंदा चेहरा सामने आया है. मालवीय नगर में मामूली विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया जब एक रसूखदार कपल ने अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं को न सिर्फ जातिसूचक और नस्लीय गालियां दीं, बल्कि उनके चरित्र पर भी कीचड़ उछाला. पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
मालवीय नगर में पड़ोसी कपल की दबंगई, अरुणाचली महिलाओं पर बरपाया जुबानी कहर. (Photo: Representational)
मालवीय नगर में पड़ोसी कपल की दबंगई, अरुणाचली महिलाओं पर बरपाया जुबानी कहर. (Photo: Representational)

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक नस्लभेदी सोच से जुड़ी एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां अरुणाचल प्रदेश की रहने वाली तीन महिलाओं को उनके पड़ोसी ने इसलिए अपमानित किया, क्योंकि वे नॉर्थ-ईस्ट से ताल्लुक रखती हैं. विवाद की शुरुआत घर में हो रहे मामूली मरम्मत के काम से हुई थी, जो देखते ही देखते नस्लीय टिप्पणियों और चरित्र हनन तक पहुंच गई.

यह मामला 20 फरवरी की दोपहर करीब 3:30 बजे का है. पीड़ित महिलाएं मालवीय नगर के एक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर किराए के फ्लैट में रहती हैं. उन्होंने अपने घर में एयर कंडीशनर लगवाने के लिए एक इलेक्ट्रिशियन को बुलाया था. ड्रिलिंग के दौरान कुछ धूल और मलबा नीचे फर्श पर गिर गया. इस बात को लेकर नीचे रहने वाले हर्ष सिंह और उनकी पत्नी रूबी जैन गुस्सा हो गए.

इस विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें आरोपी कपल की बदतमीजी साफ देखी जा सकती है. वीडियो में आरोपी महिला पीड़ित लड़कियों को 'मोमो' कहकर बुला रही है. उसने बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा, "500 रुपए में मसाज पार्लर में काम करने वाली धंधेवाली. क्या तुमने यहां मसाज पार्लर खोल लिया है? क्या यहां बिजनेस करने बैठी हो?"

Advertisement

हैरानी की बात यह है कि जब यह विवाद हो रहा था, तब मौके पर एक पुलिस अधिकारी भी मौजूद था. वो बीच-बचाव की कोशिश कर रहा था. लेकिन आरोपी पुलिस के सामने भी बेखौफ थे. आरोपी महिला बार-बार अपने पति के रसूख का हवाला देते हुए कह रही थी कि वो एक बड़े नेता और कस्टम अफसर का बेटा है. उसने लड़कियों को 'गटर-छाप' बताया. इसके बाद नस्लभेदी टिप्पणियों की बौछार कर दी.

उसने कहा, "तुम्हारी कोई औकात नहीं है, जाकर मोमो बेचो, तुम नॉर्थ-ईस्ट के लोग बकवास हो." एक पीड़ित लड़की कहती है, "तुमने मेरी इमेज खराब की है. शराब पीने के झूठे आरोप लगाए. यदि तुम्हें कोई बोतल मिली है तो मेरे कमरे में जाकर चेक करो." जवाब में आरोपी महिला हद पार कर जाती है. वो कहती है, "तुम उसके साथ क्यों नहीं सोती? मेरे बेडरूम में जाओ, पता चल जाएगा वह कितने साल का है."

इस मामले में मालवीय नगर पुलिस ने हर्ष सिंह और रूबी जैन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. इसमें धारा 79 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना), 351(2) (धमकाना), 3(5) (साझा इरादा) और धारा 196 (धर्म, जाति के आधार पर नफरत फैलाना) शामिल हैं. इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement

इस घटना के बाद पीड़ित महिलाएं दहशत में हैं. उन्हें न सिर्फ मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी, बल्कि अब उनके सिर से छत छिनने का खतरा भी मंडरा रहा है. एक ब्रोकर ने उनसे कह दिया है कि रिपेयरिंग के काम की वजह से उन्हें दो महीने के भीतर फ्लैट खाली करना होगा. उधर, पीड़ित लड़कियों ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों से औपचारिक माफी की मांग की है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement