दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 में चोरी का एक अजीब मामला सामने आया है. जिसका शिकार कई वाहन स्वामी बन रहे हैं. दरअसल, वहां कोई चोर कारों की नंबर प्लेट चुरा रहा है. इस मामले में पीड़ित कार मालिकों ने अब गाजीपुर पुलिस स्टेशन के एसएचओ को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. शिकायत में कहा गया है कि इलाके में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है.
शिकायत के अनुसार, 11 जून 2026 की सुबह वहां रहने वाले दो निवासियों को पता चला कि उनकी कारों की नंबर प्लेट गायब हैं. संबंधित वाहन नियमित रूप से मयूर विहार फेज-3 के पॉकेट A2 स्थित साईं मंदिर रोड पर पार्क किए जाते हैं. जब वाहन मालिकों ने अपनी कारों की जांच की तो पिछली नंबर प्लेट नहीं मिली. जबकि आगे की प्लेट कारों पर लगी थीं. जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी देने का फैसला किया.
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि यह उस इलाके में चोरी या नुकसान पहुंचाने की पहली घटना नहीं है. उनका कहना है कि इससे पहले उनकी कार के कवर भी चोरी हो चुके हैं और वाहन के टायरों को भी नुकसान पहुंचाया गया था. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है.
स्थानीय निवासियों का दावा है कि पड़ोस में रहने वाले कई लोगों की कारों की नंबर प्लेट भी पहले चोरी हो चुकी हैं. हालांकि शिकायतकर्ताओं को यह जानकारी नहीं है कि उन मामलों की आधिकारिक शिकायत पुलिस के पास दर्ज कराई गई थी या नहीं. इसके बावजूद लोगों का मानना है कि इलाके में वाहन संबंधी चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं.
इस मामले में ताजा शिकायत देने वालों में सुधाकर पल्लेम और सुमित सामंता शामिल हैं. सुधाकर पल्लेम की कार का नंबर DL14CK8773 है, जबकि सुमित सामंता की कार का नंबर DL1CR8562 बताया गया है. दोनों ने अपने पते और संपर्क विवरण के साथ पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है.

शिकायत के अंत में दोनों निवासियों ने पुलिस से इलाके में निगरानी बढ़ाने और इस समस्या का समाधान निकालने की अपील की है. उन्होंने कहा कि वाहन मालिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की सक्रियता और सतर्कता जरूरी है.
अब स्थानीय लोग उम्मीद कर रहे हैं कि पुलिस मामले की जांच कर दोषियों तक पहुंचेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाएगी. पुलिस ने उन्हें इस मामले में कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है.