मंदसौर पुलिस ने कुख्यात तस्कर भय्यू लाला मर्डर का सनसनीखेज खुलासा किया है. मामले में मृतक की पत्नी रुखसाना ही मुख्य आरोपी निकली है. पुलिस ने आरोपी महिला के दो भाइयों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है. अब पुलिस को फरार पत्नी रुखसाना की तलाश है.
18 फरवरी 2026 को सीतामऊ के सुरजनी गांव में भय्यू लाला की मौत हुई थी. उस समय परिजनों ने एक सोची-समझी कहानी गढ़ी थी: पत्नी रुखसाना ने रोते हुए वीडियो वायरल किए, जिसमें दावा किया गया कि पुलिस ने रेड मारी और भय्यू को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई. उसने पुलिस पर पैसे मांगने के गंभीर आरोप भी लगाए.
सूचनाकर्ता याकूब ने पुलिस को बताया था कि भय्यू पुलिस के डर से पलंग की पेटी में छिप गया था और दम घुटने से उसकी मौत हुई.
मामले में मोड़ तब आया जब डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया. वीडियोग्राफी के साथ हुई इस जांच में खुलासा हुआ कि भय्यू की मौत दम घुटने से नहीं, बल्कि गोली लगने से हुई थी. इसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर SIT गठित की.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जब गहराई से पड़ताल की, तो पता चला कि यह पूरी घटना घरेलू साजिश थी. भय्यू के साले बबलू और सलमान ने साक्ष्य मिटाने और हत्या को 'दम घुटने से मौत' साबित करने का प्रयास किया था.
पूछताछ में सामने आया कि पत्नी रुखसाना ने ही पति भय्यू लाला की गोली मारकर हत्या की थी. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्टल जब्त कर ली है.
पुलिस ने रुखसाना के भाई सलमान खान और बबलू खान को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है. मुख्य आरोपी रुखसाना फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं.