तेलंगाना के हैदराबाद में पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने चाकू से गला काटकर अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया. अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
मृतका की पहचान 32 वर्षीय अजमेरा बेगम के तौर पर हुई है. जबकि उसके आरोपी पति की शिनाख्त मोहम्मद मुस्तफा के रूप में हुई है. यह घटना सोमवार पहाड़ी शरीफ इलाके के न्यू बाबा नगर में हुई. यह इलाका बालापुर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है. वारदात के बाद से आरोपी पति मौके से फरार हो गया.
परिवार के सदस्यों के मुताबिक, घटना से पहले अजमेरा बेगम और मोहम्मद मुस्तफा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि इसी दौरान मुस्तफा ने धारदार चाकू से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया और उनका गला काट दिया. बताया जा रहा है कि घटना के समय दंपति के तीनों बेटे भी वहां मौजूद थे. हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने क्लूज टीम की मदद से घटनास्थल से सबूत जुटाए. इसके बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल की मॉर्चरी में भेज दिया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी मोहम्मद मुस्तफा की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दंपति के बीच अक्सर घरेलू विवाद होते रहते थे. हालांकि, हत्या की वजह क्या थी और सोमवार को दोनों के बीच किस बात पर विवाद हुआ था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के साथ आरोपी की तलाश में जुटी है.