मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज में 'कार' न मिलने से नाराज एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर एसिड से हमला कर दिया. इस खौफनाक वारदात में पत्नी के साथ-साथ उसकी 4 माह की मासूम बेटी भी बुरी तरह झुलस गई है. बचाने आए ससुर भी एसिड की चपेट में आ गए.
दअरसल, ग्वालियर के डबरा की रहने वाली योगिता अग्रवाल की शादी फरवरी 2024 में ग्वालियर के लोहिया बाजार निवासी मनन अग्रवाल से हुई थी. योगिता के पिता ने सामर्थ्य से अधिक खर्च किया था, लेकिन शादी के 15-20 दिन बाद ही ससुराल पक्ष ने कार की मांग शुरू कर दी. प्रताड़ना का सिलसिला तब और बढ़ गया जब योगिता ने बताया कि उसके पिता अब कार देने की स्थिति में नहीं हैं.
बीती 1 मार्च की रात करीब 9 बजे आरोपी मनन अग्रवाल नशे में घर पहुंचा और कार के लिए योगिता पर दबाव बनाने लगा. विरोध करने पर उसने गाली-गलौज की और घर में रखा एसिड योगिता पर फेंक दिया. उस समय योगिता की गोद में उसकी 4 माह की बेटी थी.
एसिड से योगिता हाथ, बांए पैर की पिंडली व थाई पर झुलस गई और बच्ची का भी चेहरा और हाथ झुलस गया. जब ससुर महेंद्र अग्रवाल बहू को बचाने आए तो उनकी शर्ट पर एसिड की बूंदें गिर गईं जिससे उनका हाथ झुलस गया.
घटना के बाद घायल को तत्काल हॉस्पिटल पहुंचाया गया है. इलाज के बाद घायल योगिता उसकी बेटी को मायके पक्ष वाले अपने साथ डबरा ले गए. लेकिन उससे पहले वह थाने पहुंची और अपने साथ हुई घटना की शिकायत की.
कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.