scorecardresearch
 

दिल्ली में ड्रग्स कार्टेल पर बड़ा प्रहार... 6 करोड़ की हेरोइन जब्त, 23 साल का पेडलर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 करोड़ की 1 किलो से ज्यादा हेरोइन जब्त की है. 23 साल के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी का परिवार लंबे समय से ड्रग्स की तस्करी से जुड़ा हुआ है. पुलिस अब सप्लायर और गाजियाबाद कनेक्शन की तलाश में जुटी है.

Advertisement
X
रघुवीर नगर से गाजियाबाद तक सप्लाई का नेटवर्क, दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई. (Photo: X/@CrimeBranchDP)
रघुवीर नगर से गाजियाबाद तक सप्लाई का नेटवर्क, दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई. (Photo: X/@CrimeBranchDP)

दिल्ली में ड्रग्स के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने 1 किलो से ज्यादा हेरोइन जब्त कर एक 23 साल के ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है. जब्त की गई हेरोइन की कीमत करीब 6 करोड़ रुपए बताई जा रही है. आरोपी ऐसे परिवार से ताल्लुक रखता है, जिसका लंबे समय से नार्को-ट्रेड से संबंध रहा है.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान दिलशाद गार्डन निवासी इमरान उर्फ शेर खान के रूप में हुई है. उसे 20 फरवरी को गिरफ्तार किया गया. दोपहर करीब 3.50 बजे दिलशाद गार्डन इलाके में गश्त कर रही पुलिस टीम ने स्कूटर सवार एक युवक को देखा, जो पुलिस को देखकर घबरा गया. भागने की कोशिश करने लगा. 

पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. तलाशी के दौरान स्कूटर के हैंडल से लटका एक भारी पॉलीथीन बैग बरामद हुआ. बैग में भूरे और क्रीम रंग के पाउडर के दो पैकेट मिले. फील्ड टेस्टिंग किट से जांच करने पर यह हेरोइन पाई गई. एक पैकेट का वजन 282 ग्राम और दूसरे का 740 ग्राम था. इस तरह कुल बरामदगी 1.022 किलोग्राम रही.

NDPS एक्ट के तहत इसे कमर्शियल क्वांटिटी माना जाता है. पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ और आरोपी के स्कूटर को जब्त कर लिया है. आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का परिवार पहले से ही कानून के शिकंजे में रहा है. 

Advertisement

उसकी मां कई NDPS मामलों में शामिल रही है और वर्तमान में दिल्ली से निष्कासित है. पिता पर भी पहले NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज हो चुका है. बड़ा भाई इसी तरह के एक मामले में न्यायिक हिरासत में है. पुलिस का कहना है कि ट्रांस-यमुना इलाके में यह परिवार लगातार नार्को-ट्रेड में सक्रिय रहा है. आरोपी ने रघुवीर नगर के सप्लायर से हेरोइन खरीदी थी. 

वो इस खेप को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक रिसीवर तक पहुंचाने जा रहा था. पुलिस ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस के साथ मिलकर सप्लायर और रिसीवर की तलाश की जा रही है. आरोपी के पास से पांच ग्राम की सोने की चेन और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है. पुलिस को शक है कि यह सामान अपराध से अर्जित पैसों से खरीदा गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement