scorecardresearch
 

बलिया में युवक की पीठ में घोंपा चाकू, उसी हालत में पहुंचा थाने; बोला- '15 दिन से शिकायत कर रहा था'

उत्तर प्रदेश के बलिया में एक युवक की पीठ में चाकू घोंपकर बदमाश फरार हो गए. पीड़ित रितेश तिवारी चाकू फंसे होने की हालत में खुद थाने पहुंच गया. घटना का वीडियो वायरल है. पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक की पीठ में चाकू घोंप दिया गया, लेकिन वह हिम्मत नहीं हारा. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह उसी हालत में सीधे पुलिस चौकी पहुंच गया. युवक की पीठ में चाकू धंसा हुआ था और इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दो लोगों को हिरासत में लिया है.

बदमाशों ने किया पीठ पर वार
जानकारी के मुताबिक, यह घटना बलिया के सुखपुरा थाना क्षेत्र के देवकली मोड़ की है. पीड़ित युवक की पहचान रितेश तिवारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रितेश पर बाइक सवार कुछ अज्ञात बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया. बदमाशों ने उसकी पीठ में चाकू घोंप दिया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. हमले के बाद चाकू युवक की पीठ में ही फंसा रह गया, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई.

घायल हालत में खुद पहुंचा थाने
हमले के बाद रितेश तिवारी सीधे सुखपुरा थाने पहुंच गया. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि उसकी पीठ में चाकू धंसा हुआ है और वह पुलिसकर्मियों से बात कर रहा है. वीडियो में रितेश यह आरोप भी लगाता नजर आता है कि वह पिछले 15 दिनों से शिकायत कर रहा था, लेकिन चौकी इंचार्ज पैसे लेकर गिरफ्तारी नहीं कर रहा था. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. देखें वायरल वीडियो-

Advertisement

वाराणसी रेफर
थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने घायल शख्स को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा. डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया. फिलहाल, उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों की निगरानी में उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

पुलिस बोली- दो लोग हिरासत में
इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि बीती रात रितेश तिवारी पर कुछ अज्ञात लोगों ने चाकू से हमला किया था. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. साथ ही हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement