scorecardresearch
 

Retail Inflation Surge: फिर फूटा महंगाई का बम, जून में लगा तगड़ा झटका, RBI के 4% टारगेट के पार

June Retail Inflation Rise: सरकार ने जून महीने के महंगाई दर के आंकड़े जारी कर दिए हैं. पांच महीने के बाद देश में खुदरा महंगाई दर आरबीआई के तय लक्ष्य 4% को पार कर गई है.

Advertisement
X
जून में बढ़ी खुदरा महंगाई. (Photo: ITG)
जून में बढ़ी खुदरा महंगाई. (Photo: ITG)

देश में महंगाई का बम फूटा है. सरकार ने जून में खुदरा महंगाई के आंकड़े जारी कर दिए हैं और ये निराश करने वाले हैं. दरअसल, बीते महीने खुदरा महंगाई तेजी से बढ़ते हुए भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI के तय 4% के टारगेट के पार निकल गई है. CPI Data पर नजर डालें तो महंगाई 4.38% हो गई है. ये लगातार छठा महीने है, जबकि महंगाई दर में बढ़ोतरी हुई है. इससे पहले मई महीने में भी इसमें बढ़ोतरी देखने को मिली थी. 

5 महीने बाद RBI के टारगेट से पार
बता दें कि इससे पिछले मई महीने में खुदरा महंगाई दर उछाल के साथ 3.93% पर पहुंची थी और जून में ये 0.45 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ उछलकर 4.38% पर जा पहुंची. महंगाई का ये आंकड़ा इसलिए भी निराश करने वाला है, क्योंकि पांच महीने के बाद CPI आरबीआई के लक्ष्य के पार पहुंची है. दरअसल, भारतीय रिजर्व बैंक ने खुदरा महंगाई का मध्यम अवधि का लक्ष्य 4 फीसदी तय किया है, जिसमें 2 फीसदी की बढ़ोतरी या 2 फीसदी की गिरावट का टॉलरेंस बैंड शामिल है.

इस साल खुदरा महंगाई की चाल पर नजर डालें, तो शुरुआती जनवरी महीने में Retail Inflation घटकर 2.74% हो गई थी, लेकिन फरवरी में धीरे-धीरे बढ़कर 3.21%, मार्च में 3.40%, अप्रैल में 3.48% और मई में 3.93% हो गई थी और अब जून में भी महंगाई की बम फूटा है.

Advertisement

खाने-पीने की चीजों पर महंगाई
सरकार द्वारा सोमवार को खुदरा महंगाई का डेटा जारी किया गया. इसमें बताया गया कि खाने-पीने की चीजों पर महंगाई जून में बढ़कर 5.32% हो गई, जो मई में 4.78% थी. ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य महंगाई 5.45% रही, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 5.09% दर्ज की गई. 

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में महंगाई की मार पड़ी है. ग्रामीण महंगाई दर मई में 4.25% से बढ़कर जून में 4.74% हो गई, जबकि शहरी महंगाई 3.53% से बढ़कर 3.92% हो गई.

अदरक-टमाटर, सोना-चांदी पर महंगे
खाद्य पदार्थों पर महंगाई की मार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अदरक की महंगाई दर मई में 32.50% से बढ़कर जून में 50.41% हो गई, जबकि टमाटर की महंगाई दर 31.92% रही. दूसरी ओर आलू की कीमतें साल-दर-साल काफी कम रहीं और इस पर महंगाई -20.34% रही, जबकि मटर पर ये -9.67% दर्ज की गई.

जिन अन्य चीजों ने महंगाई दर में अहम रोल निभाया है, उनमें खाद्य पदार्थों में किशमिश और मोनाका की महंगाई दर 20.52% दर्ज की गई. कीमती धातुओं में चांदी के आभूषणों में महंगाई 133.21% रही, जबकि सोने, हीरे और प्लैटिनम के आभूषणों में 36.82% दर्ज की गई.

राज्यों में सबसे ज्यादा कहां? 
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 50 लाख से अधिक जनसंख्या वाले स्टेट्स में तेलंगाना में खुदरा महंगाई दर सबसे अधिक 6.36% रही. इसके बाद आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में यह 5.39%, तमिलनाडु में मुद्रास्फीति 5.24% और ओडिशा में 5.15% दर्ज की गई. देश में सबसे कम खुदरा महंगाई वाले राज्यों में एक दिल्ली रहा, जहां ये आंकड़ा 2.96% रहा. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement