प्रॉपर्टी खरीदते समय सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि आपके निवेश की 'वास्तविक वैल्यू' क्या है. एक समय था जब करोड़ों रुपये में आलीशान विला का सपना सच होता था, लेकिन आज की हकीकत बदल चुकी है. अगर आप घर खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह जानना जरूरी है कि 1 मिलियन डॉलर की क्रय शक्ति वैश्विक स्तर पर तेजी से सिमटी है.
आज यह राशि आपको एक भव्य अपार्टमेंट के बजाय दुनिया के प्राइम लोकेशंस पर मात्र एक 'स्टूडियो रूम' जितनी जगह ही दिला पा रही है. लग्जरी मार्केट में बढ़ती मांग और सीमित सप्लाई ने खरीदारों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या उनकी बचत अब एक बड़े 3-4 BHK घर के सपने को पूरा करने के लिए पर्याप्त है.
जब हम मोनाको या न्यूयॉर्क की तुलना भारत के महानगरों से करते हैं, तो भारतीय रियल एस्टेट अभी भी मूल्य के मामले में कहीं बेहतर स्थिति में नजर आता है. हालांकि, भारत में भी लग्जरी संपत्तियों के दाम पिछले 2-3 वर्षों में रिकॉर्ड स्तर पर बढ़े हैं.
यह भी पढ़ें: कोलकाता निवेशकों का पसंदीदा डेस्टिनेशन, प्रॉपर्टी निवेश का बना हॉटस्पॉट
मुंबई भारत का एकमात्र शहर है, जो वैश्विक स्तर पर जगह की कमी और ऊंची कीमतों के मामले में चर्चा में रहता है, नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट के अनुसार, $1 मिलियन (₹8.4 करोड़+) में मुंबई के प्राइम इलाकों में आप लगभग 100 से 105 वर्ग मीटर जगह की उम्मीद कर सकते हैं. यह मोनाको (16 वर्ग मीटर) के मुकाबले 6 गुना से भी ज्यादा जगह है.
नाइट फ्रैंक वेल्थ रिपोर्ट 2026 के ताज़ा आंकड़े बताते हैं कि वैश्विक स्तर पर प्राइम रेजिडेंशियल मार्केट में भारी उछाल आया है. जानते हैं दुनिया के उन पांच शहरों के बारे में, जहां प्रॉपर्टी खरीदना किसी आम इंसान के लिए ही नहीं, बल्कि अमीरों के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन गया है.
दुनिया के 5 सबसे महंगे शहर
मोनाको: जब हम वैश्विक स्तर पर तुलना करते हैं, तो भारत के महानगर इनके सामने काफी 'सस्ते' नजर आते हैं. नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट के अनुसार, मोनाको लगातार दुनिया का सबसे महंगा रियल एस्टेट मार्केट बना हुआ है. यहां 1 मिलियन डॉलर में आपको मात्र 16 वर्ग मीटर जगह मिलेगी. यह एक बड़े बेडरूम से भी छोटा हिस्सा है. यहां जमीन की कमी और टैक्स हेवन होने के कारण कीमतें सातवें आसमान पर हैं. यहां 1 वर्ग मीटर की कीमत $62,500 है, अगर हम इसे भारतीय रुपये के हिसाब से देखें, तो यह लगभग ₹51,87,500 रुपये तक पड़ता है.
हांगकांग: हांगकांग दूसरे स्थान पर काबिज है. यहां ₹9.4 करोड़ में आप केवल 23 वर्ग मीटर की प्राइम प्रॉपर्टी खरीद सकते हैं. यहां की ऊंची इमारतों और सीमित जगह ने इसे निवेश के लिहाज से बेहद महंगा बना दिया है.
जेनेवा: लग्जरी और शांति का संगम माने जाने वाले जेनेवा में $1 मिलियन में आपको सिर्फ 28 वर्ग मीटर जगह नसीब होगी. यूरोप के इस शहर में प्रॉपर्टी की कीमतें दुनिया भर के निवेशकों को आकर्षित करती हैं, लेकिन यहां जगह की कीमत सोने जैसी है.
लंदन: वैश्विक अमीरों की हमेशा दिलचस्पी रहती है. यहां $1 मिलियन में मिलने वाली जगह अब घटकर 33 वर्ग मीटर रह गई है. लंदन के प्राइम इलाकों में निवेश करना अब और भी चुनौतीपूर्ण हो गया है.
न्यूयॉर्क: अमेरिका की आर्थिक राजधानी न्यूयॉर्क इस सूची में पांचवें स्थान पर है. यहां $1 मिलियन में आप 34 वर्ग मीटर जगह के मालिक बन सकते हैं. यहां के मैनहैटन जैसे इलाकों में कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है.
यह भी पढ़ें: दुबई का रियल एस्टेट बाजार बेहाल, कोविड के बाद पहली बार गिरे घरों के दाम, मिडिल ईस्ट तनाव का असर