scorecardresearch
 

महंगाई से बेहाल न्यूयॉर्क के रेस्टोरेंट, AC बंद तो कहीं बढ़े खाने-पीने के दाम

बढ़ती महंगाई का असर सिर्फ रेस्टोरेंट मालिकों पर ही नहीं, ग्राहकों पर भी पड़ रहा है. लोग बाहर खाने-पीने पर होने वाला खर्च कम कर रहे हैं और घर पर खाना खाने को प्राथमिकता दे रहे हैं.

Advertisement
X
न्यूयॉर्क में रेस्टोरेंट मालिकों की बढ़ी मुश्किलें (Photo-ITG)
न्यूयॉर्क में रेस्टोरेंट मालिकों की बढ़ी मुश्किलें (Photo-ITG)

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में बढ़ती महंगाई का असर अब रेस्टोरेंट कारोबार पर साफ दिखाई देने लगा है. बीमा प्रीमियम, कर्मचारियों की सैलरी, बिजली और गैस के बढ़ते बिल ने रेस्टोरेंट मालिकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. हालात ऐसे हो गए हैं कि कई रेस्टोरेंट अब कारोबार बढ़ाने के बजाय किसी तरह अपना कामकाज जारी रखने पर ध्यान दे रहे हैं. खर्च कम करने के लिए कहीं कामकाज के घंटे घटाए जा रहे हैं, तो कहीं एयर कंडीशनर बंद करके बिजली बचाने की कोशिश हो रही है. वहीं, कई रेस्टोरेंट ने खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ाने की तैयारी की है. ब्लूमबर्ग की मंगलवार को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, बढ़ती लागत ने न्यूयॉर्क के रेस्टोरेंट उद्योग पर दबाव बढ़ा दिया है.

न्यूयॉर्क के ईस्ट हार्लेम इलाके में स्थित केकबर्गर्स (CakeBurgers) इसका एक उदाहरण है. यह रेस्टोरेंट बर्गर के साथ ऐसे केक भी बेचता है, जो दिखने में बर्गर जैसे लगते हैं. रेस्टोरेंट के बिजली और गैस का बिल बढ़कर हर महीने 1,400 डॉलर यानी करीब 1.2 लाख रुपये हो गया है. खर्च कम करने के लिए रेस्टोरेंट के मालिकों ने एयर कंडीशनर बंद कर दिया.

यह फैसला ऐसे समय में लिया गया, जब इस साल गर्मियों में न्यूयॉर्क का तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा था. रेस्टोरेंट की सह-मालिक इवेट जायस बिजली बचाने के लिए रात में खाने-पीने की चीजों को कम रेफ्रिजरेटर में रखने जैसे उपाय भी कर रही हैं.

उनकी मुश्किलें सिर्फ बिजली के बिल तक सीमित नहीं हैं. इस साल की शुरुआत में जिस ग्राउंड बीफ की कीमत करीब 3.40 डॉलर प्रति पाउंड थी, वह बढ़कर 5 डॉलर प्रति पाउंड तक पहुंच गई है. इसके अलावा, फूड डिलीवरी ऐप ऑर्डर पर 30 फीसदी तक शुल्क वसूलते हैं, जिससे मुनाफा और कम हो जाता है.

Advertisement

बीमा प्रीमियम में पांच गुना बढ़ोतरी

न्यूयॉर्क में रेस्टोरेंट और बार चलाने वालों के लिए बीमा भी बड़ी परेशानी बन गया है. चाइनाटाउन से मिडटाउन तक कई स्थानीय बार के मालिक फ्रैंक स्कॉटो ने बताया कि उनके एक प्रतिष्ठान का देनदारी बीमा प्रीमियम चार साल में पांच गुना बढ़कर सालाना 24,000 डॉलर हो गया है.

इस बढ़ते खर्च की भरपाई के लिए वह छुट्टियों के मौसम के बाद शराब और अन्य पेय पदार्थों की कीमतों में 15 फीसदी तक बढ़ोतरी करने की योजना बना रहे हैं. इससे बीयर के एक कैन की कीमत करीब एक डॉलर बढ़ सकती है.

वहीं, स्कारपेट्टा रेस्टोरेंट समूह के संस्थापक जॉन मीडो ने खर्च कम करने के लिए अपने कुछ रेस्टोरेंट में रविवार को कामकाज सीमित कर दिया है. कर्मचारियों की सैलरी और बीमा प्रीमियम में बढ़ोतरी से कारोबार का मुनाफा प्रभावित हो रहा है.

36 साल में पहली बार इतनी बड़ी गिरावट

न्यूयॉर्क राज्य में रेस्टोरेंट उद्योग की स्थिति कितनी गंभीर है, इसका अंदाजा अमेरिकी श्रम सांख्यिकी ब्यूरो (Bureau of Labor Statistics) के आंकड़ों से लगाया जा सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 की पहली तिमाही में राज्य में खाने-पीने के प्रतिष्ठानों की संख्या में सालाना आधार पर सबसे बड़ी शुद्ध गिरावट दर्ज की गई. कम से कम 36 साल के उपलब्ध आंकड़ों में यह सबसे बड़ी गिरावट है. यह गिरावट कोरोना महामारी के दौरान दर्ज की गई सबसे बड़ी कमी से भी अधिक रही.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement