बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर जहां फिल्मों में अपनी एक्टिंग के दम पर फैंस के दिलों पर राज करते हैं, तो वे निवेश को लेकर भी काफी जागरूक हैं. कई कंपनियों के शेयरों में उन्होंने पैसे लगाए हैं, तो रियल एस्टेट सेक्टर में भी वे लगातार निवेश करते नजर आ रहे हैं. एक रिपोर्ट की मानें, तो रणवीर कपूर ने चार प्लॉट खरीदे हैं और इनपर 16 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम खर्च की है.
16.42 करोड़ में खरीदी जमीन
बिजनेस टुडे पर छपी रिपोर्ट में रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स फर्म सीआरई मैट्रिक्स की ओर से शेयर किए गए आंकड़ों को देखें, तो बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर ने पुणे के पिंपरी गांव में ये रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट किया है और कुल 16.42 करोड़ रुपये खर्च करके जमीन के चार टुकड़े खरीदे हैं.
इतना चुकाया स्टाम्प शुल्क
पुणे के पिंपरी गांव में मुलशी तालुका में स्थित इन जमीन के टुकड़ों का क्षेत्रफल 8,900 वर्ग मीटर से लेकर 43,800 वर्ग मीटर तक है. खर्च और प्रति जमीन टुकड़े की कीमत के बारे में बात करें, तो रणवीर कपूर ने यहां पर 43,800 वर्ग मीटर का एक भूखंड 7.07 करोड़ रुपये में खरीदा, जिस पर 35.40 लाख रुपये का स्टांप शुल्क लगा है.
इसके अलावा उनकी रियल एस्टेट खरीदारी में 29,900 वर्ग मीटर का एक अन्य भूखंड है, जिसे 4.62 करोड़ रुपये में खरीदा गया और इस पर 23.13 लाख रुपये का स्टांप शुल्क चुकाया गया है. ये सभी जमीन के लेनदेन 30 अप्रैल को रजिस्टर्ड किए गए थे. चारों जमीन के टुकड़ों के लिए कुल मिलाकर फिल्म अभिनेता ने 82.13 लाख रुपये का स्टांप शुल्क चुकाया है.
अयोध्या तक में रणवीर की खरीदारी
रणबीर कपूर बीते कुछ समय से लगातार जमीन की खरीदारी करते हुए नजर आए हैं. बॉलीवुड स्टार ने अयोध्या में अभिनंदन लोढ़ा हाउस (HoABL) के प्रीमियम प्रोजेक्ट 'द सरयू' में प्लॉट खरीदा है. यह सौदा लगभग 3.31 करोड़ रुपये में हुआ, जिसका कुल क्षेत्रफल 2,134 वर्ग फुट है. ये HoABL रियल एस्टेट प्रोजेक्ट अयोध्या में सरयू नदी के किनारे स्थित 75 एकड़ की जमीन पर बनाया जा रहा है और एक से बढ़कर एक लग्जरी सुविधाओं से लैस है.
बीते मई महीने में Ayodhya में जमीन खरीदने के दौरान रणबीर कपूर ने एक बयान में कहा था कि, ' मेरा मानना है कि अयोध्या ने मुझे चुना है, और मैंने इस आह्वान का जवाब दिया है. अयोध्या हमारे इतिहास में गहराई से समाई हुई है और हमारी सांस्कृतिक विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. सरयू नदी की भूमि मेरे लिए एक ऐसा द्वार बन गई है जिसके माध्यम से मैं यह सुनिश्चित कर सकूंगा कि यह मेरे परिवार के लिए मेरी विरासत का हिस्सा बने. इससे पहले बॉलीवुड के दिग्गज अमिताभ बच्चन ने भी 15 करोड़ रुपये में 15,000 वर्ग फुट जमीन खरीदी थी.