शेयर बाजार (Stock Market) में बीते कारोबारी दिन आई भारी गिरावट से जोरदार रिकवरी देखने को मिली है. मंगलवार को देखते ही देखते सेंसेक्स-निफ्टी क्रैश हो गए थे, लेकिन बुधवार को जब शेयर मार्केट में कारोबार की शुरुआत हुई, तो बाजा पलटी हुई नजर आई. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स इंडेक्स (BSE Sensex) जहां कुछ ही देर में 500 अंक से ज्यादा उछलकर कारोबार करता दिखा, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स (NSE Nifty) 150 अंक से ज्यादा चढ़ गया. बाजार में लौटी इस तेजी के बीच TCS, HCL, Tech Mahindra, Infosys जैसे आईटी शेयरों में तूफानी तेजी देखने को मिली, जो बीते दिन क्रैश नजर आए थे.
सेंसेक्स-निफ्टी ने की जोरदार शुरुआत
शेयर मार्केट में बुधवार को कारोबार की शुरुआत होने पर बीएसई का सेंसेक्स अपने पिछले बंद 82,225 की तुलना में तेजी लेकर 82,530 के लेवल पर ओपन हुआ और फिर इसकी रफ्तार तेज होती चली गई. कुछ मिनटों के कारोबार के बाद ही Sensex 500 अंक से ज्यादा की छलांग लगाकर 82,807 के लेवल पर जा पहुंचा. इसके अलावा Nifty भी तेज रफ्तार से भागता हुए नजर आ रहा है. ये 50 शेयरों वाला इंडेक्स मंगलवार के अपने बंद 25,424 के मुकाबले 25,512 पर ओपन हुआ और फिर सेंसेक्स के कदम से कदम मिलाकर चलते हुए ये भी 150 अंक से ज्यादा उछलकर 25,594 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा.
IT Stocks क्रैश से उबरे
बीते कारोबारी दिन सेंसेक्स जहां 1068 अंक की भारी गिरावट लेकर बंद हुआ था, तो वहीं निफ्टी 288 अंक फिसलकर क्लोज हुआ था. इस बीच IT Stock Crash नजर आए थे. Tech Mahindra Share (6.60%), HCL Tech Share (6.10%), Infosys Share (3.91%), TCS Share (3.79%) की गिरावट लेकर बंद हुए थे. लेकिन बुधवार को बाजार में लौटी रौनक के बीच ये आईटी शेयर भी गिरावट से उबरे हुए नजर आए हैं और रॉकेट की रफ्तार से भाग रहे हैं. खबर लिखे जाने तक इंफोसिस का शेयर 2.50%, टेक महिंद्रा स्टॉक 2.40%, एचसीएल टेक का शेयर 2.30%, तो वहीं टाटा ग्रुप की कंपनी टीसीएस का शेयर करीब 2% चढ़कर कारोबार कर रहा था.
बाजार की तेजी में इन शेयरों का गदर
आईटी स्टॉक्स के अलावा शेयर बाजार में तेजी के बीच जिन शेयरों ने गदर मचाया है, उनमें बीएसई लार्जकैप कैटेगरी में शामिल IndiGo Share (2%), ICICI Bank Share (1.50%) के अलावा मिडकैप कैटेगरी में शामिल Mphasis Share (3.40%), Coforge Share (2.50%), Persistent Share (2%), Ashok Leyland Share (1.60%) की उछाल के साथ कारोबार कर रहे थे.
विदेशों से मिल रहे थे पॉजिटिव सिग्नल
बता दें कि भारतीय शेयर बाजार के लिए बुधवार को विदेशों से भी पॉजिटिव सिग्नल मिल रहे थे और इसका सीधा असर सेंसेक्स-निफ्टी पर देखने को मिला है. एशियाई बाजारों में जहां जापान का निक्केई इंडेक्स (Japan Nikkei) 1300 अंक की तूफानी तेजी के साथ 58,610 के लेवल पर पहुंचकर कारोबार कर रहा था, तो वहीं हांगकांग का हैंगसेंग (HangSeng Index) 163 अंक की बढ़त के साथ 26,754 और साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स (KOSPI Index) 135 अंक या 2.30% की उछाल के साथ 6,105 पर पहुंच गया था.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)