'रिच डैड, पुअर डैड' के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी (Robert Kiyosaki) सोशल मीडिया पर खासे एक्टिव रहते हैं और आए दिन निवेश से जुड़ी सलाह देते हुए नजर आते हैं. इनमें सोना-चांदी के अलावा बिटकॉइन-इथेरियम जैसे क्रिप्टोकरेंसी सबसे ऊपर रहती हैं. अब उनका एक और नया पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने 'बेबी बूमर्स' के रिटायरमेंट पर आफत की ओर इशारा किया है.
उन्होंने कहा कि 2026 में लाखों ऐसे लोग आर्थिक तंगी से जूझ रहे होंगे और इनमें से कई तो बेघर हो जाएंगे. इससे बचने के लिए उन्होंने फिर से Gold-Silver और Bitcoin को सहारा बताते हुए निवेश की सलाह दी है.
'आर्थिक तंगी से जूझेंगे ऐसे लोग'
Robert Kiyosaki ने ट्विटर (अब X) पर शेयर की गई अपनी एक पोस्ट में लिखा है, '1974 में ही मैंने बेबी बूमर्स के रिटायरमेंट की इस आफत को आते हुए देख लिया था. अब ये आ रही है और 2026 तक लाखों बूमर्स बिना काम के आर्थिक तंगी से जूझ रहे होंगे, उनमें से कई तो बेघर भी हो जाएंगे.' उन्होंने आगे लिखा कि ऐसे बूमर्स और उनके परिवारों के लिए मैंने दो किताबें लिखी हैं, जो इतिहास के इस दौर के लिए खुद को तैयार करना चाहते थे. इनमें एक है 'Retire Young Retire Rich', जबकि दूसरी किताब 'Who Stole My Pension?' है.
BOMERS RETIREMENT DISASTER:
In 1974 I saw the coming of the Baby Boomer Retirement Disaster.
In 2026 millions of Boomers will be out of work in trouble financially….many homeless.
I wrote two books for the Boomers and their families who wanted to prepare for this time in…— Robert Kiyosaki (@theRealKiyosaki) May 6, 2026
ये भगवान का दिया सबसे कीमती तोहफा
अपनी लिखी इन दोनों किताबों को लेकर 'Rich Dad Poor Dad' के राइटर ने कहा कि वॉल स्ट्रीट को ये किताबें बिल्कुल पसंद नहीं हैं, लेकिन जिन लोगों ने इन्हें पढ़ा है, उनमें से कई लोगों ने बहुत अच्छा किया है और वे इस स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उन्होंने आगे कहा इन किताबों को पढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि, 'हमेशा याद रखें कि आपके दोनों कानों के बीच मौजूद आपका दिमाग ही, भगवान का दिया हुआ आपका सबसे कीमती तोहफा है.'
देर नहीं हुई, अभी शुरू करें ये काम
कियोसाकी के मुताबिक, एक अच्छे और खुशहाल रिटायरमेंट के लिए कभी भी देर नहीं होती और न ही यह कोई बहुत मुश्किल काम है. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'सालों से मैं आपके आर्थिक भविष्य के लिए असली सोना, चांदी, Bitcoin और Ethereum में निवेश करने की सलाह देता आ रहा हूं. आगे वैश्विक अर्थव्यवस्था (Global Economy) के लिए एक मुश्किल दौर आने वाला है, खुद को तैयार रखें और अपना ख्याल रखें.'
बता दें ये पहली बार नहीं है, जब रॉबर्ट कियोसाकी ने सोना-चांदी को मुसीबत का सहारा बताया है, बल्कि अक्सर वे इनमें निवेश की सलाह देते नजर आते हैं. वे डॉलर, बॉन्ड को फेक करेंसी करार देते है, जबकि इन एसेट्स को अमीर बनने का जरिया बताते हैं. बहरहाल, बुधवार को एक्स पर शेयर किया गया रॉबर्ट कियोसाकी का ये पोस्ट तेजी के वायरल हो रहा है और इसे अब तक लाखों व्यूज मिल चुके हैं.