भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अभी तक ये फाइनल नहीं हो सकी है. हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप समेत उनके मंत्री दावा कर चुके हैं कि India-US FTA फाइनल होने के करीब है. भले ही अमेरिका की ओर से ये दावे किए जा रहे हैं, लेकिन भारत का रुख इस डील को लेकर साफ है. केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने एक बार फिर साफ किया है कि भारत किसी भी फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) में शामिल होने से पहले हमेशा अपने घरेलू हितों को प्राथमिकता देता है.
'डील होने पर भारतीय जश्न मनाएंगे'
पीयूष गोयल ने कहा है कि अमेरिका के साथ भारत की प्रस्तावित ट्रेड डील भारतीय किसानों और घरेलू इंडस्ट्रीज के हितों की रक्षा करेगी. उन्होंने भरोसा जताया कि इस फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से देश को कॉम्पिटिटिव फायदा मिलेगा. इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने ISID-IDRA की ओर से आयोजित भारत के इंडस्ट्रियल ट्रांसफॉर्मेशन पर चौथी नेशनल कॉन्फ्रेंस में अपने संबोधन के दौरान दो-टूक कहा कि, 'मुझमें यह घोषणा करने की हिम्मत है कि US ट्रेड डील की डिटेल्स सामने आने के बाद, भारत के लोग जश्न मनाएंगे कि हमारे किसानों या घरेलू इंडस्ट्री के किसी भी हित से कोई समझौता नहीं किया गया है.'
भारत अपने रुख पर कायम
पीयूष गोयल के मुताबिक, 'भारत किसी भी फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) में शामिल होने से पहले हमेशा अपने घरेलू हितों को प्राथमिकता देता है और इम्बैलेंस वाले ट्रेड एग्रीमेंट आपको कभी भी आगे नहीं ले जा सकते.' उन्होंने अब तक भारत के तमाम देशों के साथ किए गए ट्रेड एग्रीमेंट के बारे में बात करते हुए दावा किया कि मोदी सरकार की ओर से साइन किए गए 8 FTA में से किसी की भी कोई आलोचना नहीं हुई है और न ही उनमें कोई कमी पाई गई है. Indai-US Trade Deal की आलोचना को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस प्रस्तावित डील का राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रहे हैं.
US से डील पर बातचीत पूरी
इस साल फरवरी में घोषित India-US FTA फ्रेमवर्क के तहत अमेरिका ने भारतीय सामानों पर टैरिफ 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया था. भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर पीयूष गोयल ने बीते दिनों इंडिया-नीदरलैंड बिजनेस फोरम में कहा था कि 'हमने ज्यादातर बातचीत पूरी कर ली है और एग्रीमेंट को ठीक कर रहे हैं.
बता दें कि अंतरिम एग्रीमेंट पर साइन होने के बाद, जेनेरिक फार्मा, जेम्स और डायमंड, और एयरक्राफ्ट पार्ट्स पर टैरिफ जीरो हो जाएगा. भारत सभी US इंडस्ट्रियल सामानों और कई तरह के अमेरिकन खाने और खेती के प्रोडक्ट्स, जैसे सूखे डिस्टिलर के दाने, ट्री नट्स और फलों पर टैरिफ भी खत्म कर देगा या कम कर देगा उन्होंने कहा कि यह अंतरिम समझौता भारतीय किसानों के हितों की पूरी तरह से रक्षा करता है.
क्लाइमेट चेंज पर बोले- गोयल
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि विकसित देशों को कम लागत वाली एनर्जी से फायदा हुआ है और विकासशील देशों को क्लाइमेट कमिटमेंट्स को पूरा करने के लिए ज्यादा फाइनेंशियल और टेक्नोलॉजिकल सपोर्ट की जरूरत है. पेरिस क्लाइमेट एग्रीमेंट का जिक्र करते हुए गोयल ने कहा कि दुनिया क्लाइमेट चेंज पर एक कॉमन रिस्पॉन्स पर सहमत हुई थी, जिसमें कम विकसित देशों को ज्यादा ट्रांजिशन पीरियड मिलेगा.