scorecardresearch
 

अमृतसर में पुरानी रंजिश का खूनी खेल, ताबड़तोड़ फायरिंग में एक मौत

पंजाब के अमृतसर में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें आकाशदीप सिंह की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त शरणदीप सिंह घायल हो गया. दोनों युवक तारां वाले पुल के पास बाबा जी की मजार पर माथा टेकने पहुंचे थे.

Advertisement
X
एसीपी रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच गांव में पुराना विवाद था. (Photo ITG)
एसीपी रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच गांव में पुराना विवाद था. (Photo ITG)

पंजाब के अमृतसर में गुरुवार को पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात तारां वाले पुल के पास हुई, जहां दोनों युवक एक धार्मिक स्थल पर माथा टेकने पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था.

पुलिस के मुताबिक, थाना राजासांसी क्षेत्र के गांव कोटली सक्का के रहने वाले आकाशदीप सिंह और शरणदीप सिंह मोटरसाइकिल से तारां वाले पुल स्थित बाबा जी की मजार पर माथा टेकने पहुंचे थे. इसी दौरान कुछ हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और गोलियां चला दीं.

इस फायरिंग में आकाशदीप सिंह की मौत हो गई, जबकि शरणदीप सिंह घायल हो गया. मृतक की उम्र करीब 18 से 20 साल बताई जा रही है, जबकि घायल युवक की उम्र 24 से 25 साल के बीच है.

5 से 7 हमलावरों ने घेरकर चलाईं गोलियां

अस्पताल में भर्ती घायल शरणदीप सिंह ने बताया कि वे हर गुरुवार की तरह माथा टेकने आए थे. वहां पहुंचते ही 5 से 7 अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया. शरणदीप के मुताबिक, हमलावरों ने पहले उनकी मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली और फिर पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी.

Advertisement

उसने बताया कि उसके दोस्त आकाशदीप को सीने और पैर में दो से तीन गोलियां लगीं, जबकि एक गोली उसे भी लगी. हमले में आकाशदीप की मौके पर ही मौत हो गई. घायल शरणदीप ने पुलिस और प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और इंसाफ दिलाने की मांग की है.

पुरानी रंजिश में हमले का शक

एसीपी रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच गांव में पुराना विवाद था. पहले भी उनके बीच मारपीट हुई थी और सिर पर चोट लगने की घटनाएं सामने आई थीं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते फायरिंग की गई.

पुलिस को घटनास्थल से गोलियों के तीन खोल मिले हैं. अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृतक को लगी गोलियों की सही संख्या स्पष्ट हो सकेगी.

पुलिस की टीमें घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं. आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement