'बिहार बंद' के दौरान सीवान जिले में भीषण उपद्रव और हिंसा देखने को मिली. सीवान शहर के जेपी चौक और गांधी मैदान इलाके में सुबह से ही जमा हुए प्रदर्शनकारियों ने जमकर उत्पात मचाया, पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ दी और पुलिस टीम पर पत्थरों की बारिश कर दी. इस हिंसा में सीवान के एसपी पूरण कुमार झा के पैर में गंभीर चोट आई है और वे घायल हो गए हैं, जबकि कई मीडियाकर्मी भी चोटिल हुए हैं.
हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने उग्र भीड़ को खदेड़ने के लिए भारी लाठीचार्ज किया, 6-7 राउंड आंसू गैस के गोले दागे और स्थिति पर काबू पाने के लिए दर्जनों राउंड फायरिंग की.
तेजस्वी का आरोप- AK-47 से चलाई गईं गोलियां
सीवान में घटी इस हिंसक घटना का एक वीडियो ट्वीट करते हुए बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर सीधा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने निहत्थे और निर्दोष प्रदर्शनकारी छात्रों पर AK-47 राइफल से सीधी फायरिंग की है.
तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ''सिवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छात्रों पर सीधी फायरिंग की. AK-47 से भी फायरिंग की गई. जब 7 हत्याओं का आरोपी अपराधी मुख्यमंत्री बन जाए तब लोकतंत्र में प्रदर्शन कर रहे निर्दोष छात्रों पर पुलिस ऐसे ही गोलियां चलाती है. दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो.'' देखें VIDEO:-
'तानाशाही पर उतरी सरकार'
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्व विधायक और भाकपा-माले (CPI-ML) नेता अमरजीत कुशवाहा ने कहा, "पिछले 26 दिनों से छात्र जंतर-मंतर पर डटे हैं और पटना में भी सड़कों पर उतरे. लेकिन दिल्ली से लेकर पटना तक सरकार ने पुलिस के बल पर तानाशाही रवैया अपनाया और छात्र-छात्राओं पर बर्बरतापूर्वक लाठियां बरसाईं. आज जनता और छात्र सड़कों पर इसका हिसाब मांग रहे हैं." देखें VIDEO:-
उपद्रवियों पर होगी FIR: SP पूरण कुमार झा
घटनास्थल पर घायल होने के बावजूद मोर्चा संभाले SP पूरण कुमार झा ने बताया, प्रदर्शनकारियों के तीन समूह थे, जिनमें से सिर्फ एक ही समूह ने अनुमति ली थी. गांधी मैदान के पास असमाजिक तत्वों ने बैरिकेडिंग तोड़ी और पुलिस पर अचानक पथराव शुरू कर दिया.
हालात को काबू करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, 6-7 राउंड आंसू गैस छोड़ी गई और हवाई फायरिंग करनी पड़ी. हमने ड्रोन कैमरों से पूरे इलाके की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई है.
पुलिस बल पर हमला करने और हिंसा फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.''
यह भी पढ़ें: पटना में तेज प्रताप यादव गिरफ्तार! NEET प्रदर्शन में सड़क पर उतरने के बाद बिहार पुलिस का एक्शन
फिलहाल पूरे सीवान शहर में तनाव का माहौल व्याप्त है और चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. बता दें कि NEET पेपर लीक मामले और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में बिहार बंद बुलाया गया था.