scorecardresearch
 

मवेशियों के लिए चारा लाने गया था छात्र, रास्ते में गिरी आकाशीय बिजली... समस्तीपुर में महिला समेत दो की मौत

समस्तीपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से झुलस गया. दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को आपदा राहत मद से 4-4 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने का आश्वासन दिया है.

Advertisement
X
घायल मासूम अस्पताल में भर्ती.(Photo: Jahangir Alam/ITG)
घायल मासूम अस्पताल में भर्ती.(Photo: Jahangir Alam/ITG)

बिहार के समस्तीपुर जिले में बारिश के बीच आकाशीय बिजली ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. सरायरंजन प्रखंड में अलग-अलग स्थानों पर ठनका गिरने से एक महिला और 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोर गंभीर रूप से झुलस गया. दोनों घटनाओं के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पहली घटना सरायरंजन प्रखंड के लगमा गांव के रायपुर बुजुर्ग इलाके में हुई. यहां 40 वर्षीय कारी देवी खेत में काम कर रही थीं. इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गईं. झटका इतना तेज था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

यह भी पढ़ें: बिहार: समस्तीपुर में मोहर्रम जुलूस के दौरान खूनी वारदात, युवक की चाकू गोदकर हत्या

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला दम तोड़ चुकी थी. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की.

चारा लाने गए छात्र की गई जान, साथी गंभीर रूप से झुलसा

दूसरी घटना भी सरायरंजन प्रखंड के लगमा गांव में हुई. वार्ड-13 निवासी अकलू राय का 14 वर्षीय बेटा रंजीत कुमार और त्रिवेणी राय का 16 वर्षीय बेटा छोटू कुमार मवेशियों के लिए भुराहा चौर से चारा लाने गए थे.

Advertisement

इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई और अचानक आकाशीय बिजली गिर गई. दोनों किशोर इसकी चपेट में आ गए. हादसे में रंजीत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटू कुमार गंभीर रूप से झुलस गया.

समस्तीपुर

घायल छोटू को तत्काल इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है. डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव, मिलेगा 4-4 लाख का मुआवजा

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस पूरे मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सरकार से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की. प्रशासन ने बताया कि आपदा राहत के प्रावधानों के तहत दोनों मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा.

लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खेतों, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा है कि मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement