scorecardresearch
 

चेहरे पर मॉस्क और पॉकेट में पेपर स्प्रे... पटना में दो लड़कियां ज्वेलरी शॉप लूटने पहुंचीं, फिर दुकान में ही हो गईं लॉक

हैरान कर देने वाली ये कहानी बिहार के पटना की है. दो लड़कियां मुंह पर मॉस्क लगाए एक ज्वेलरी शॉप में पहुंचती हैं. पीठ पर बैग है और जेब में पेपर स्प्रे और दिमाग में लाखों के जेवर लूटने का प्लान. पहले दुकान वाले से जेवरात दिखाने को कहती हैं. फिर अचानक एक लड़की उस पर स्प्रे से हमला कर देती है. ये पूरी कहानी दुकान के सीसीटीवी में कैद है, जिसका वीडियो अब सामने आया है.

Advertisement
X
पकड़े जाने के बाद भीड़ ने कर दी आरोपी लड़कियों की पिटाई. (Photo: Screengrab)
पकड़े जाने के बाद भीड़ ने कर दी आरोपी लड़कियों की पिटाई. (Photo: Screengrab)

बिहार की राजधानी पटना के दीघा इलाके में बेहद हैरान कर देने वाली कहानी सामने आई है. दो लड़कियां एक ज्वेलरी शॉप में एंट्री करती हैं. दुकानदार से जेवरात दिखाने को बोलती हैं, फिर एक लड़की पेपर स्प्रे से हमला कर लूटने की कोशिश करती है. दुकानदार फुर्ती दिखाते हुए बाहर भागता है और दुकान को लॉक कर देता है. दोनों लड़कियां अंदर फंस जाती हैं.

मामला पटना के दीघा थाना क्षेत्र स्थित कुर्जी पुल के पास मौजूद मां वैष्णवी ज्वेलर्स का है. घटना 13 जून की बताई जा रही है. पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है. दो युवतियां कस्टमर बनकर दुकान में दाखिल हुईं. पहले उन्होंने दुकानदार से जेवरात दिखाने को कहा.

यहां देखें Video

जब दुकानदार राजेश कुमार जेवर दिखाने में व्यस्त थे, तभी दोनों ने पेपर स्प्रे निकालकर उन पर छिड़क दिया. आरोप है कि युवतियों का मकसद दुकानदार को असहाय बनाकर जेवर लेकर फरार होना था. लेकिन यहां कहानी में ट्विस्ट आ गया. पेपर स्प्रे के बावजूद दुकानदार ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने तुरंत स्थिति को भांप लिया और दोनों युवतियों को दुकान के अंदर ही बंद कर दिया. इसके बाद उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: शाहजहांपुर में एनकाउंटर: लूट और चेन स्नैचिंग करने वाले जुड़वां भाई पैर में गोली लगने से घायल, एक सिपाही भी जख्मी

दुकानदार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई. इसी दौरान लोगों ने दोनों युवतियों को पकड़ लिया. सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि भीड़ का गुस्सा भी फूट पड़ा. एक महिला ने एक युवती के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और उसकी पिटाई कर दी. बाद में अन्य लोगों ने भी दोनों को घेर लिया.

पुलिस ने भीड़ से बचाकर शुरू की दोनों से पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों युवतियों को भीड़ के चंगुल से निकालकर हिरासत में ले लिया. फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों किसी बड़े गिरोह का हिस्सा हैं या फिर पहली बार इस तरह की वारदात को अंजाम देने आई थीं.

दुकान मालिक राजेश कुमार का कहना है कि एक लड़की ने स्प्रे से हमला किया, वह बचकर भागे और शोर मचाया. फिर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. वहीं इस पूरे मामले को लेकर दीघा थाना के SHO अवनीश कुमार ने बताया कि दोनों युवतियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है और CCTV फुटेज को भी खंगाला जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement