scorecardresearch
 

पटना में बैरिकेड्स तोड़ CM आवास की ओर बढ़ रहे छात्रों पर लाठीचार्ज, कई हिरासत में

पटना में 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने, निगेटिव मार्किंग खत्म करने और एकल परीक्षा लागू करने की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है. हजारों छात्र सीएम आवास की ओर मार्च कर रहे हैं. डाक बंगला चौराहे के पास प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए.

Advertisement
X
छात्रों पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल करते पुलिसकर्मी. (photo: Screengrabs)
छात्रों पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल करते पुलिसकर्मी. (photo: Screengrabs)

पटना में मंगलवार सुबह से छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है. वे निगेटिव मार्किंग खत्म करने और एकल परीक्षा लागू करने व बीपीएससी की 70वीं परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे हैं. हजारों की संख्या में छात्र सीएम आवास तक मार्च निकाल रहे हैं. हालांकि पुलिस उन्हें रोकने का प्रयास कर रही है. इस बीच प्रदर्शनकारी छात्रों ने डाक बंगला के पास बैरिकेड्स तोड़ दिए. जिससे पुलिस ने बल प्रयोग किया और लाठी चार्ज किया. साथ ही पुलिस ने छात्रों को कंट्रोल करने के लिए वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल किया.

Live Updates...

01: 38 PM- लाठीचार्ज के बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियोंं को हिरासत में भी ले लिया है.

01: 30 PM- यह मार्च सुबह करीब 10 बजे गांधी मैदान से शुरू हुआ, जिसमें छात्र नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे. सरकार ने रास्ते में बैरिकेड लगाए थे, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ते हुए उन्हें हटा दिया.

01: 26 PM- छात्र आंदोलन में अब एक दूसरा प्रदर्शनकारी ग्रुप भी जुड़ गया है जो किसान और जमीन के मुद्दे को लेकर आज प्रदर्शन कर रहा था. पटना में अब वो लोग भी काला झंडा लेकर घुस गए हैं. जिसके चलते सीआरपीएफ को बुलाया गया है. 

12: 46 PM- प्रदर्शनकारी छात्रों को काबू में करने के लिए पुलिस ने हल्का बल भी प्रयोग किया. जिससे छात्र इधर-उधर भागने लगे. पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में भी लिया है.

Advertisement

12: 44 PM-  पुलिस ने पटना में आंदोलनकारी छात्रों को रोकने के लिए पानी की बौछार भी. मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. फिलहाल पुलिस ने छात्रों को डाक बंगला चौराहे पर रोक दिया है. 

12: 41 PM- पटना में आंदोलनकारी छात्रों का प्रदर्शन तेज हो गया है. गांधी मैदान से मार्च करते हुए बड़ी संख्या में छात्र डाक बंगला चौराहे की ओर बढ़ रहे हैं. सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और छात्रों को रोकने की कोशिश जारी है.

प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया में कई बदलाव जरूरी हैं. छात्रों की प्रमुख मांगों में निगेटिव मार्किंग खत्म करना और एकल परीक्षा कराना शामिल है. उनका कहना है कि परीक्षा व्यवस्था को लेकर लंबे समय से उनकी आपत्तियां हैं और सरकार को इन मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए.

पटना में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
गांधी मैदान से शुरू हुए इस मार्च के कारण पटना में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. पुलिस प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था बनाए रखने की भी कोशिश कर रही है. छात्रों के आंदोलन के चलते शहर के कई इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

फिलहाल छात्रों और पुलिस के बीच बातचीत के जरिए स्थिति को संभालने की कोशिश जारी है. छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, उनका आंदोलन जारी रहेगा. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement