पटना के गांधी मैदान में छात्रों के प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान बवाल हो गया. छात्रों को हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल भी प्रयोग करना पड़ा. वहीं पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी है. प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंच रहे छात्रों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है. पुलिस गांधी मैदान के आसपास किसी भी छात्र को इकट्ठा नहीं होने दे रही है और मौके पर पहुंचने वाले छात्रों को हिरासत में लेकर वहां से हटाया जा रहा है. पूरे इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो. वहीं छात्रों को समर्थन में पहुंचे तेज प्रताप यादव को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
जानकारी के मुताबिक लेफ्ट छात्र संगठनों के कार्यकर्ता और छात्र लगातार गांधी मैदान पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, पुलिस उन्हें मैदान तक पहुंचने से पहले ही रोक रही है. कई छात्रों को मौके से हिरासत में लेकर पुलिस वाहनों के जरिए अन्य स्थानों पर भेजा गया. प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते हैं. छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की.
तेज प्रताप बोले, युवाओं के लिए मर-मिटने को तैयार
इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेज प्रताप यादव भी छात्रों के समर्थन में गांधी मैदान पहुंचे. पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया. हिरासत में लिए जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने कहा कि वह युवाओं के संघर्ष में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं. उन्होंने कहा, "हम अपने युवाओं के साथ हैं और उनके अधिकारों की लड़ाई में मर-मिटने के लिए भी तैयार हैं."
तेज प्रताप यादव की हिरासत के बाद राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है. विपक्ष ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं, जबकि प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. फिलहाल गांधी मैदान और उसके आसपास पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.
इधर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 5 दिनों से युवाओं का प्रदर्शन जारी है. युवा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ गए हैं और शनिवार रात तक सरकार को अल्टीमेटम दिया है. कॉकरोच पार्टी (CJP) के समर्थन में यह प्रदर्शन हो रहा है. जिसकी अगुवाई सीजेपी के अध्यक्ष अभिजीत दीपके कर रहे हैं. हालांकि, उनकी तबीयत खराब हो गई है और जांच में टाइफाइड की पुष्टि हुई है.