बिहार के नालंदा जिले के शीतला मंदिर में मंगलवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी. चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार को उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से अव्यवस्था की स्थिति बन गई. इससे मची भगदड़ में आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग जख्मी बताए जा रहे हैं. घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव की है. चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार को शीतला माता मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी तादाद में श्रद्धालु पहुंचे थे. पुलिस-प्रशासन का बंदोबस्त मंदिर में ना के बराबर था. इसी बीच कुछ श्रद्धालु दर्शन की जल्दबाजी में कतार तोड़कर एक के ऊपर एक चढ़ने लगे. इससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
नतीजा यह हुआ कि शीतला मंदिर में भगदड़ मच गई और लोक एक के ऊपर एक गिरते, चढ़ते चले गए. भगदड़ की सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची और हालात को काबू कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. पुलिस ने दर्जन भर से अधिक लोगों को अस्पताल पहुंचाया, जिनमें से आठ को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है.
यह भी पढ़ें: मैनपुरी: मां शीतला माता मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की टैक्टर ट्राली पलटी, चार की मौत
करीब आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों का उपचार चल रहा है. कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है. इस घटना के बाद पुलिस-प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शी घटना के लिए पुलिस-प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार बता रहे हैं. चैत्र के महीने में आस्था का एक बड़ा केंद्र शीतला मंदिर में पुलिस का इंतजाम नहीं होना, यह सवालों के घेरे में है. प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए दीपनगर के थाना प्रभारी राजमणि को सस्पेंड कर दिया है.
राष्ट्रपति, यूपी के सीएम ने व्यक्त की संवेदना
इस हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संवेदना व्यक्त की है. राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि यह समाचार बहुत दुखद है. उन्होंने शोकाकुल परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. वहीं, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.
डिप्टी सीएम सम्राट ने घटना को बताया पीड़ादायक
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि शीतला मंदिर में भगदड़ की दुखद घटना बहुत ही पीड़ादायक है. इस हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए सभी श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करता हूं. उन्होंने यह भी कहा है कि पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता दी जा रही है. घायलों के समूचित उपचार की व्यवस्था की गई है. डिप्टी सीएम ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा है कि ईश्वर शोकाकुल परिवारों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें.
यह भी पढ़ें: मां शीतला के 5 दिव्य मंत्र, इनके जाप से दूर होगी जीवन की हर बड़ी समस्या
बताया जाता है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी नालंदा में ही हैं. वह नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए नालंदा पहुंची हैं. ऐसा कहा जा रहा है कि संभवतः राष्ट्रपति के कार्यक्रम की वजह से पुलिस-प्रशासन का पूरा ध्यान नालंदा विश्वविद्यालय में होने वाले कार्यक्रम की तरफ था. यह भी एक वजह हो सकती है कि शीतला मंदिर में पुलिस कर्मियों की तैनाती नहीं थी.