पटना के फतुहा में वट सावित्री व्रत के दौरान बड़ा हादसा होते-होते बच गया. पूजा के समय बरगद के पेड़ में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. उस समय बड़ी संख्या में महिलाएं वट सावित्री व्रत की पूजा कर रही थीं. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है.
घटना फतुहा ब्लॉक ऑफिस परिसर की है, जहां बरगद के पेड़ के नीचे महिलाएं वट सावित्री पूजा कर रही थीं. इसी दौरान अचानक पेड़ में आग लग गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिलाओं द्वारा जलाए गए घी के दीपक की लौ से पेड़ के चारों ओर लपेटे गए सूखे धागों ने आग पकड़ ली. देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी और पूरा पेड़ धू-धू कर जलने लगा.

आग लगते ही वहां मौजूद महिलाओं और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई. पूजा कर रही महिलाएं घबराकर इधर-उधर भागने लगीं. मौके पर कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई चपेट में नहीं आया.
स्थानीय लोगों ने तुरंत पानी और अन्य साधनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की. बाद में प्रशासन को भी सूचना दी गई. लोगों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में आग फैलने से रोका जा सका.
वट सावित्री पूजा के दौरान महिलाएं बरगद के पेड़ के चारों ओर धागा बांधकर पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं. इस दौरान कई महिलाएं घी के दीपक भी जलाती हैं. दीपक की लौ से ही पेड़ पर लिपटे सूखे धागों में आग लगी, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया.
घटना के बाद इलाके में लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा को लेकर पर्याप्त सावधानी बरती जानी चाहिए. बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बावजूद वहां अग्निशमन के कोई विशेष इंतजाम नहीं थे. अगर आग और तेजी से फैलती, तो बड़ा हादसा हो सकता था. प्रशासन ने घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थिति का जायजा लिया. फिलहाल पूजा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल जरूर खड़े हो रहे हैं.