scorecardresearch
 

बिहार: सगाई के 25 दिन बाद युवक की हत्या, नहर के पास मिला शव

बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में 9 जून से लापता शशि कुमार का शव बघिनी नहर के पास बरामद हुआ है. परिजनों ने रिश्तेदारी में शादी के दबाव को लेकर कुछ लोगों पर शक जताया है. मृतक के पिता का आरोप है कि बुलाकर ले जाने के बाद उनके बेटे की हत्या की गई.

Advertisement
X
कैमूर में युवक की हत्या से सनसनी. (Photo: Screengrabs)
कैमूर में युवक की हत्या से सनसनी. (Photo: Screengrabs)

बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में 9 जून से लापता एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान शशि कुमार के रूप में हुई है. उसका शव बघिनी नहर के पास मिला. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है.

25 दिन पहले हुई थी सगाई
जानकारी के अनुसार शशि कुमार भभुआ के नौआ छोटी गांव का रहने वाला था और भभुआ में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई करता था. परिजनों के मुताबिक वह 9 जून की सुबह करीब 11 बजे घर से निकला था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला. काफी तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार चिंतित हो गया. इसी बीच शुक्रवार सुबह बघिनी नहर के पास एक लावारिस शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली. युवक की 25 दिन पहले ही सगाई हुई थी. 

सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया. बाद में परिजनों को बुलाकर पहचान कराई गई, जहां शव की पहचान शशि कुमार के रूप में हुई. बेटे का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया. मृतक के पिता शिव कुमार ने बेटे की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं.

Advertisement

उनका कहना है कि उनके बड़े भाई की बहन अपनी बेटी की शादी शशि कुमार से कराना चाहती थी और इस बात को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था. उन्होंने दावा किया कि उसी पक्ष के बुलावे पर उनका बेटा 9 जून को गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया. अब उसका शव मिलने से परिवार हत्या की आशंका जता रहा है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस
मोहनिया के डीएसपी गोपाल कृष्ण ने बताया कि सुबह पुलिस को नहर के पास एक शव होने की सूचना मिली थी. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव बरामद किया. मृतक के पिता के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि अभी मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है. घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है.

डीएसपी ने बताया कि मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement