बिहार के खगड़िया जिले के चौथम प्रखंड के भूतौली गांव स्थित कन्या मध्य विद्यालय में बुधवार को मिड डे मील को लेकर हड़कंप मच गया. स्कूल में छात्रों को परोसी जा रही सब्जी में सांप का बच्चा मिलने का दावा किया गया. घटना की जानकारी मिलते ही छात्राओं के परिजन स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया.
मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. बाद में लोगों को समझाकर शांत कराया गया. घटना के बाद एहतियात के तौर पर छात्राओं को चौथम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. राहत की बात यह रही कि सभी छात्राएं सुरक्षित हैं और किसी के बीमार होने की सूचना नहीं है. घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गोंड भी स्कूल पहुंचे. उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और मिड डे मील की जांच कराई.
स्कूल पहुंचकर परिजनों ने किया हंगामा
मीडिया से बातचीत में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान मिड डे मील में सांप का बच्चा जैसा कुछ नहीं मिला है. उनके अनुसार, खाने में कीड़े जैसा कुछ मिला है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. वहीं, स्कूल की कुछ छात्राओं का कहना है कि घटना उस समय सामने आई जब कुछ छात्राएं मिड डे मील खा चुकी थीं और बाकी छात्राओं को खाना परोसा जा रहा था. इसी दौरान सब्जी में सांप का बच्चा दिखाई दिया.
डीईओ ने स्कूल पहुंचकर पूरे मामले की जांच की
एक छात्रा ने बताया कि खाना खाने के बाद से उसके पेट और सिर में दर्द हो रहा है. इसके बाद स्कूल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर सभी छात्राओं की जांच कराई. फिलहाल सभी छात्राएं सुरक्षित बताई जा रही हैं. प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.