होटल में खाना ऑर्डर करते वक्त आप क्या देखते हैं? खाने का स्वाद, कीमत या फिर प्लेट में परोसी गई डिश की सजावट? लेकिन एक चीज ऐसी है, जो अक्सर नजरों से छूट जाती है. खाना जिस किचन में बना है, वहां साफ-सफाई कैसी है? बिहार के हाजीपुर में इसी सवाल से जुड़ा एक मामला सामने आया है. शहर के राजेंद्र चौक स्थित होटल के तड़के में कॉकरोच मिलने की शिकायत की गई. शिकायत के बाद फूड डिपार्टमेंट की टीम होटल पहुंची.
जांच के दौरान किचन में गंदगी और तैयार खाद्य पदार्थों को खुले में रखने जैसी खामियां मिलीं. इसके बाद प्रशासन ने होटल का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया. वैशाली जिला सूचना एवं जनसंपर्क ऑफिस ने एक नोट जारी किया है. इसमें कहा गया है कि यह कार्रवाई 22 अक्टूबर से प्रभावी है.
अब प्रशासन ने साफ कर दिया है कि वैध खाद्य लाइसेंस के बिना होटल का संचालन नहीं किया जा सकता. मामला हाजीपुर के राजेंद्र चौक स्थित होटल का है. यहां परोसे गए तड़के में कॉकरोच मिलने की शिकायत खाद्य संरक्षा आयुक्त पटना तक पहुंची थी.

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए फूड सेफ्टी ऑफिसर ने 21 अक्टूबर को होटल का जायजा लिया. इस दौरान किचन की साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों को रखने के इंतजाम भी देखे गए. जिला प्रशासन के मुताबिक, होटल का किचन साफ नहीं था, इसके अलावा तैयार खाद्य पदार्थों को खुले में और गंदी जगह पर रखा गया था. यानी मामला सिर्फ खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत तक सीमित नहीं रहा.
यह भी पढ़ें: हॉस्टल के खाने में मिला कनखजूरा, धरने पर बैठी छात्राएं तो एजेंसी पर लगा 25 हजार का जुर्माना
जांच में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रखने से जुड़ी कमियां भी सामने आईं. खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण के दौरान मिली गड़बड़ियों को लेकर सख्त एक्शन लिया है. इसके बाद 22 अक्टूबर से होटल का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. इसी के साथ प्रशासन ने होटल संचालक को हिदायत दी है.
होटल पर कार्रवाई के साथ जिला प्रशासन ने दूसरे होटल संचालकों और फूड से जुड़े कारोबारियों से भी साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है. प्रशासन ने कहा कि खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखना, किचन को साफ रखना और तय मानकों को ध्यान रखना खाद्य कारोबारियों की जिम्मेदारी है. खाने की क्वालिटी का मतलब सिर्फ उसका स्वाद अच्छा होना नहीं है. उसे किस माहौल में तैयार किया गया और कैसे रखा गया, यह भी उतना ही जरूरी है.