बिहार के गोपालगंज में दहेज के दानवों ने शादी के सालगिरह के दिन ही 3 माह की गर्भवती महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी है. घटना सिधवलिया थाना क्षेत्र के बखरौर गांव की है. मृतका की पहचान मनीष कुंवर की 22 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी के रूप में हुई है. वारदात के बाद परिजन शव को छोड़कर फरार हो गए. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है.
शादी की सालगिरह पर ही गला घोंटकर हत्या
बताया जाता है कि गुड़िया की शादी 8 मई 2025 को सिधवलिया थाना क्षेत्र के बखरौर गांव निवासी मनीष कुंवर के साथ हुई थी. शादी के दौरान हैसियत के मुताबिक लड़की के पिता ने दान दहेज भी दिया था. गुड़िया 3 माह की गर्भवती हुई तो ससुराल वालों से दहेज में एक बुलेट और सोने की चेन की डिमांड कर दी गई. दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर गुड़िया को प्रताड़ित किया जाने लगा. वहीं शुक्रवार देर रात गुड़िया की हत्या कर दी गई.
ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार
घटना की सूचना मिलने के बाद सिधवलिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
पूरे मामले में पुलिस ने कही ये बात
इस संबंध में सदर एसडीपीओ 2 राजेश कुमार ने बताया कि सिधवलिया थाना अंतर्गत बखरौर गांव में एक नई नवेली दुल्हन जिसकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी. महिला की फांसी लगने से मौत की सूचना मिली है. पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी.