बिहार में बेतिया जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के राजपुर तुमकड़िया गांव में बिजली विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना में कनीय अभियंता (JE) समेत विभाग के कई कर्मियों के साथ मारपीट की गई. मामले को लेकर शिकारपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
अवैध रूप से बिजली सप्लाई की शिकायत
एफआईआर के अनुसार, गांव के वार्ड संख्या 2 में अवैध रूप से बिजली सप्लाई किए जाने की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर बिजली विभाग की टीम ने छापेमारी की कार्रवाई शुरू की. टीम द्वारा बिजली विच्छेदन और मीटर जांच का कार्य किया जा रहा था, तभी कुछ लोग लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और टीम को घेर लिया.
कर्मचारियों को गाली-गलौज , मारपीट कर भगाया
आरोप है कि हमलावरों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए कर्मियों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट कर मौके से भगा दिया. इस मामले में तीन नामजद सहित 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और एक आरोपित को हिरासत में लिया गया है. मामले की जांच जारी है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.