बिहार के दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में पिछले आठ दिनों के भीतर एक जैसी दो रहस्यमयी घटनाओं ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है. दोनों मामलों में देर रात एक अज्ञात युवक घर में घुसा, महिला के बाल कैंची से काट दिए और घर में रखा सामान बिखेरकर फरार हो गया. हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने किसी भी कीमती सामान की चोरी नहीं की और न ही महिलाओं को शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाया.
ताजा घटना गुरुवार देर रात की है. पीड़िता ने बताया कि वह कमरे में सो रही थी, तभी अंधेरे में घर में घुसे युवक ने उसके बाल काट दिए. आरोपी ने अलमारी खोलने की भी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका. जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते, वह मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है. इससे पहले 9 जुलाई को भी इसी गांव में बिल्कुल इसी तरह की वारदात हुई थी. दोनों घटनाओं में कई समानताएं सामने आई हैं. आरोपी काले कपड़ों में दिखाई दिया, महिलाओं के बाल काटे, घर का सामान बिखेरा लेकिन चोरी नहीं की. दोनों घटनाएं गुरुवार की रात को हुईं और आशंका जताई जा रही है कि किसी नशीले पदार्थ या बेहोश करने वाले तरीके का भी इस्तेमाल किया गया हो.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
लगातार दूसरी घटना के बाद पुलिस भी अलर्ट हो गई है. ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी, सदर एसडीपीओ राजीव कुमार, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की. पुलिस ने पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ की है. सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि दोनों घटनाओं का तरीका एक जैसा है, इसलिए प्रथम दृष्टया किसी साइको प्रवृत्ति के व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है. हालांकि आरोपी कौन है और उसका मकसद क्या है, इसका अभी पता नहीं चल सका है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
पीड़िता के पिता सुमन कुमार चौधरी ने बताया कि उनकी बेटी ने रात में पूरी घटना की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जब वह बाथरूम जाने के लिए उठे, तभी संभवतः आरोपी को घरवालों के जागने का आभास हुआ और वह भाग निकला. उन्होंने बताया कि जिस कैंची से बाल काटे गए, वह घर की ही थी. उनका मानना है कि आरोपी जांच को भटकाने के लिए इस तरह की हरकत कर रहा हो सकता है. उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी राहत इस बात की है कि उनकी बेटी सुरक्षित है. फिलहाल गांव के लोग सहमे हुए हैं और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.