बिहार के दरभंगा में महज आधे घंटे की तेज बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल कर रख दी. बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया और सड़कें तालाब में तब्दील नजर आईं. हर साल की तरह इस बार भी नालों की समय पर सफाई नहीं होने का खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ा. मुख्य सड़क से लेकर गली-मोहल्लों तक पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
बारिश का सबसे ज्यादा असर दरभंगा के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल DMCH में देखने को मिला. अस्पताल परिसर पूरी तरह पानी से भर गया और मेडिसिन विभाग के आसपास हालात सबसे ज्यादा खराब दिखे. मरीजों और उनके परिजनों को घुटनों तक पानी के बीच होकर अस्पताल तक पहुंचना पड़ा. कई जगह पानी इतना ज्यादा था कि सड़क और नाले का फर्क तक दिखाई नहीं दे रहा था.
यह भी पढ़ें: फर्जी दस्तावेज, ब्लैंक सिम और बायोमेट्रिक मशीन... दरभंगा से ऑपरेट हो रहा इंटरनेशनल साइबर फ्रॉड रैकेट बेनकाब
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता. जलजमाव के कारण लोगों में नगर निगम और जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी दिखाई दी. लोगों का कहना है कि हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है, लेकिन हालात नहीं बदलते.
अस्पताल परिसर में घुटनों तक भरा पानी
मरीज के परिजन जगदीश शर्मा ने बताया कि अस्पताल परिसर में इतना पानी भर गया है कि आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है. उन्होंने कहा कि मरीज को किसी तरह खींचकर अस्पताल तक लाना पड़ रहा है और पूरा कपड़ा भीग जा रहा है. मजबूरी में लोगों को गंदे पानी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है.
मरीज के परिजन मोहम्मद अजीज ने कहा कि DMCH जैसे बड़े सरकारी अस्पताल में जलजमाव बेहद चिंताजनक है. उन्होंने बताया कि घुटनों तक पानी भरा है और दवा व जांच के लिए बाहर जाने में काफी दिक्कत हो रही है. उनका कहना था कि अस्पताल में बड़ी-बड़ी इमारतें तो बना दी गई हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब है.
लोगों ने आशंका जताई कि पानी भरे रहने से किसी के गिरने या हादसे का खतरा बना हुआ है. इसके अलावा गंदे पानी के कारण बीमारी फैलने, सांप-बिच्छू और कीड़े निकलने का डर भी लोगों को सता रहा है.
लोगों ने नगर निगम पर उठाए सवाल
स्थानीय निवासी विपुल सिंह ने बताया कि सड़क पर जलजमाव के कारण लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है. उन्होंने नगर निगम से सभी नालों की सफाई कराने और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की. उनका कहना था कि जब तक नालों की ठीक से सफाई नहीं होगी, तब तक ऐसी स्थिति बनी रहेगी.
स्थानीय निवासी दिलीप कुमार ने बताया कि जिला स्कूल के पास मुख्य सड़क पर काफी पानी जमा हो गया है. उन्होंने कहा कि थोड़ी देर की बारिश में ही हालात खराब हो गए और सड़क पर पानी भरने से नाले का ढक्कन तक दिखाई नहीं दे रहा है. इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
बारिश के बाद शहर में बने हालात को लेकर लोगों में नाराजगी साफ दिखाई दी. अब लोगों की नजर इस बात पर है कि मानसून से पहले नगर निगम और प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाते हैं.