scorecardresearch
 

'एक भी बच्चा न छूटे...', दरभंगा में पल्स पोलियो अभियान का आगाज, 7.54 लाख बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य

दरभंगा जिले में रविवार से पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई. डीएम कौशल कुमार ने कुशेश्वरस्थान सीएचसी में नवजात शिशु को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया. प्रशासन ने इस बार 7.54 लाख से अधिक बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया है और स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए.

Advertisement
X
2 हजार 28 टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी.(Photo: DistrictAdministration.darbhanga)
2 हजार 28 टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी.(Photo: DistrictAdministration.darbhanga)

बिहार के दरभंगा जिले में रविवार से पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुशेश्वरस्थान में आयोजित कार्यक्रम में डीएम कौशल कुमार ने नवजात शिशु को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया. इसके साथ ही जिलेभर में जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का विशेष अभियान शुरू हो गया.

कार्यक्रम के दौरान डीएम की पत्नी ने भी नवजात बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम का हौसला बढ़ाते हुए अभियान को सफल बनाने की अपील की.

यह भी पढ़ें: मोहर्रम से पहले दरभंगा में हाई अलर्ट, DM-SP ने किया फ्लैग मार्च, 515 से ज्यादा जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त

डीएम ने बताया कि यह विशेष अभियान 28 जून से 2 जुलाई 2026 तक चलेगा. इस दौरान जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाई जाएगी ताकि जिले का कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे.

'एक भी बच्चा न छूटे', अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

डीएम कौशल कुमार ने स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाए और एक भी बच्चा अभियान से छूटने न पाए.

Advertisement

उन्होंने कहा कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है, जो बच्चों में स्थायी दिव्यांगता का कारण बन सकती है. इसलिए समय पर पोलियो की दो बूंद दवा पिलाना बेहद जरूरी है.

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों का पूरा सहयोग करें और अपने बच्चों को अभियान के दौरान अनिवार्य रूप से पोलियोरोधी खुराक दिलाएं. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जिले के हर बच्चे तक स्वास्थ्य सुरक्षा पहुंचाना है और इसमें समाज की भागीदारी बेहद जरूरी है.

7.54 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में इस अभियान के तहत 7 लाख 54 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

उन्होंने बताया कि लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिलेभर में 2028 टीमों का गठन किया गया है. सभी टीमें तय माइक्रोप्लान के अनुसार घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी.

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि जब भी टीम उनके घर पहुंचे तो बच्चों को पोलियो की दवा जरूर पिलाएं, ताकि जिले का कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे.

अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर भी सख्ती

अभियान स्थल के निरीक्षण के दौरान एस.डी.ओ शशांक राज ने कुशेश्वरस्थान क्षेत्र में संचालित अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों का मामला डीएम के संज्ञान में लाया.

Advertisement

इस पर डीएम ने एस.डी.ओ को निर्देश दिया कि क्षेत्र में संचालित सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों की तत्काल जांच कराई जाए. बिना वैध अनुमति संचालित पाए जाने वाले केंद्रों को तुरंत सील किया जाए और उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार मिश्रा, DCM रवि कुमार, DAM बसंत कुमार झा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement