बिहार के दरभंगा जिले में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और कानून व्यवस्था के अनुसार संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. पर्व के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को डीएम कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया.
फ्लैग मार्च के जरिए प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. आम लोगों से भी शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई. प्रशासन का कहना है कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और हर संवेदनशील इलाके पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.
यह भी पढ़ें: दरभंगा शोरूम मर्डर केस: नौकरी से निकाले जाने की खुन्नस में शोरूम मैनेजर की कर दी थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार
संवेदनशील इलाकों में निकाला गया फ्लैग मार्च
दरअसल, फ्लैग मार्च की शुरुआत पुलिस लाइन से हुई. इसके बाद यह लहेरियासराय टावर, पंडासराय, लोहिया चौक, दरभंगा टावर, बाजार समिति, दिल्ली मोड़, कादिराबाद, दरभंगा रेलवे स्टेशन, अल्लपट्टी और बेंता सहित शहर के कई अति संवेदनशील, संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरा.
मार्च के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने लोगों से संवाद भी किया और मोहर्रम के अवसर पर शांति बनाए रखने की अपील की. लोगों को भरोसा दिलाया गया कि प्रशासन उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है.
फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना भी रहा.
515 से अधिक स्थानों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम
जिला प्रशासन ने मोहर्रम के मद्देनजर अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की है. पूरे जिले में 515 से अधिक स्थानों पर तेज-तर्रार प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और हजारों की संख्या में सशस्त्र पुलिस बलों की नियुक्ति की गई है.
डीएम कौशल कुमार ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मोहर्रम पर्व को प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सभी नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मोहर्रम पर्व पूरी शांति और सामाजिक सद्भाव के साथ संपन्न हो.
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पैनी नजर
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि पर्व के दौरान सभी संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे विशेष निगरानी रखी जाएगी. पुलिस की टीमें लगातार गश्त करेंगी और हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है. यदि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शांति और सद्भाव बनाए रखें, किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन का पूरा सहयोग करें.
फ्लैग मार्च में ये अधिकारी रहे मौजूद
फ्लैग मार्च के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजीत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे. सभी अधिकारियों ने मिलकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पर्व के दौरान बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए.