बिहार की सियासत में अक्सर तीखी बयानबाजी और रंजिश देखने को मिलती है. लेकिन दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम ने राजनीति की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर पेश की है.
दरअसल दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का रिजल्ट लंबे इंतजार के बाद आया. इस सीट पर RJD के उम्मीदवार अनिल झा ने BJP के उम्मीदवार सर्वेश कुमार को शिकस्त देकर शानदार जीत हासिल की है.
चुनाव के मैदान में भले ही दोनों नेता एक-दूसरे के आमने-सामने थे, लेकिन परिणाम आने के बाद जो नजारा दिखा, उसने साबित कर दिया कि लोकतंत्र में मतभेद हो सकते हैं, मनभेद नहीं.
हार के बावजूद बीजेपी उम्मीदवार सर्वेश कुमार ने बड़प्पन दिखाते हुए न सिर्फ आरजेडी के विजयी उम्मीदवार अनिल झा को बधाई दी, बल्कि गर्मजोशी से गले भी लगाया.
BJP प्रत्याशी ने RJD नेता की तारीफ की
सर्वेश कुमार ने खुले दिल से अनिल झा की जमकर तारीफ की. राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को दरकिनार करते हुए उन्होंने जिस खेल भावना का परिचय दिया, उसकी चर्चा हर तरफ हो रही है. इस दौरान आरजेडी के नवनिर्वाचित MLC अनिल झा भी अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वी सर्वेश कुमार के सामने पूरी विनम्रता से हाथ जोड़कर उनका अभिवादन करते नजर आए.
यह भी पढ़ें: आखिर आ ही गया वाराणसी का नतीजा, MLC चुनाव में सपा के आशुतोष सिन्हा जीते
चुनाव परिणामों के दौरान अक्सर तनाव और खींचतान का माहौल देखने को मिलता है, ऐसे में दरभंगा की इस घटना ने दिखा दिया कि राजनीति में शिष्टाचार और आपसी सम्मान का स्थान अभी भी जिंदा है.