scorecardresearch
 

बिहार में झमाझम बारिश... मौसम विभाग की भी आई चेतावनी, रेड अलर्ट जारी

बिहार में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है. बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.

Advertisement
X
आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना जताई गई है. (File Photo-PTI)
आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना जताई गई है. (File Photo-PTI)

बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. पटना समेत राज्य के कई जिलों में शुक्रवार सुबह से झमाझम बारिश हो रही है. बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है. हालांकि इस बीच कई इलाकों में तेज आंधी और तूफान जैसे हालात भी देखने को मिले.

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, 29 मई से 4 जून 2026 तक के बिहार के अधिकांश जिलों में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. राज्य के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है.

बिहार में आज रेड अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने तेज आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी दी है और आम लोगों के मोबाइल फोन पर अलर्ट संदेश भेजे जा रहे हैं. अगले 3 घंटों के दौरान भोजपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, पटना, नालंदा, पूर्वी चंपारण, सारण और सीवान के कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान, तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की अधिक संभावना जताई गई है.

इस बीच, राज्य के कई जिलों में अचानक हुई तेज आंधी से किसानों को नुकसान हुआ है. इसके बाद फसलों और पेड़ों पर लगे फलों को हुए नुकसान का सर्वे कराने का निर्देश कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को दिया गया है, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर उचित राहत प्रदान की जा सके.

यह भी पढ़ें: आग उगलते सूरज की दिल्ली-NCR में 4 दिन छुट्टी! नौतपा में धूलभरी आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें Nautapa का मॉडर्न साइंस कनेक्शन

देश के कई हिस्सों में बदला मौसम

Advertisement

बता दें कि भारत के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला है. गुरुवार शाम दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में बारिश हुई, जिसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई. दिल्ली-NCR में 31 मई तक बारिश की संभावना जताई गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.

31 मई तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भीषण आंधी-तूफान का अलर्ट भी जारी किया गया है.

वहीं, गुजरात में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम भी अब बदलने वाला है. मौसम की परिस्थितियों में तेजी से बदलाव देखा जा रहा है और 30 मई से राज्य में प्री-मानसून बारिश के साथ गरज-चमक की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है.

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार यहां बारिश देखने को मिल सकती है. आने वाली बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है. पिछले कई दिनों से गुजरात में तापमान ज्यादा नहीं था, लेकिन हवा में नमी बढ़ने के कारण उमस काफी महसूस की जा रही थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement