बिहार की सम्राट सरकार ने राज्य के पेंशन लाभार्थियों को बड़ा तोहफा दिया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 1,423.94 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर कर दी.
राज्य सरकार के अनुसार, इस फेज में 97.84 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि भेजी गई. योजना के तहत लाभार्थियों को अब 1,100 रुपये प्रति माह पेंशन मिलेगी.
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत बुजुर्ग, विधवा महिलाएं, दिव्यांगजन और अन्य पात्र श्रेणियों के लोगों को मासिक पेंशन का लाभ दिया जाता है. पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से भेजी जाती है.
सरकार ने कहा है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान अब हर महीने की 10 तारीख को किया जाएगा. इसके तहत हर महीने पात्र लाभार्थियों के खातों में पेंशन की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी.
बता दें कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना राज्य सरकार की प्रमुख सामाजिक कल्याण योजनाओं में शामिल है. इसके माध्यम से अलग-अलग कटेगरी के लाभार्थियों को मासिक वित्तीय मदद दी जाती है.