90s के स्टार गोविंदा इस समय मुश्किलों में फंस से गए हैं. पत्नी सुनीता आहूजा संग उनका फैमिली मैटर पब्लिक हो चुका है. सुनीता ने गोविंदा के खिलाफ किया तलाक का केस वापस लिया. उन्होंने इसकी वजह राखी सावंत को बताई थी. सोशल मीडिया पर इस समय एक्टर की पर्सनल लाइफ पर बड़े सवाल उठ रहे हैं. उस बीच वो अस्पताल के बाहर नजर आए हैं.
गोविंदा के लिए चिंतित फैंस
शनिवार की शाम गोविंदा को मुंबई के जुहू में एक अस्पताल से बाहर आते देखा गया. उनके चेहरे पर मास्क था. विवादों के बीच एक्टर को इस तरह हॉस्पिटल के पास देखकर फैंस चिंतित हुए. जब पैप्स ने गोविंदा से उनकी हालत के बारे में जानने की कोशिश की, तो उन्होंने उनसे कोई बातचीत नहीं की.
एक्टर ने पैप्स की तरफ अपना हाथ हिलाया और कुछ देर बाद अपनी गाड़ी में जाकर बैठ गए. वो इस दौरान थोड़े परेशान लग रहे थे. हालांकि उनका इस तरह अस्पताल जाना क्यों हुआ, इसकी कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आई है. ना ही ये मालूम हुआ है कि क्या वो अपना रूटीन चेकअप कराने गए थे, या फिर कोई गंभीर कारण.
गोविंदा का ये वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लोग उन्हें इस हाल में देखकर तरह-तरह की बातें लिख रहे हैं. कुछ लोगों का ये कहना है कि तलाक कॉन्ट्रोवर्सी के कारण एक्टर की तबीयत बिगड़ी है. वहीं कुछ उनकी पत्नी सुनीता आहूजा को दोष दे रहे हैं कि वो उनके फेवरेट कलाकार की तबीयत बिगाड़ रही हैं.
कैसे शुरू हुआ गोविंदा का फैमिली मैटर?
गोविंदा की जिंदगी में आईं इन मुश्किलों के पीछे उनका कथित अफेयर है. कहा जाता है कि उनका को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकर के साथ अफेयर चल रहा है. दोनों हाल ही में कई बार एक ही साथ नजर भी आए, जिसके बाद सुनीता आहूजा का पारा बढ़ता नजर आया. पैप्स से सुनीता ने गोविंदा को लेकर कई बातें कहीं. उनके जवाब में गोविंदा भी पत्नी पर बरस पड़े और उन्हें फटकार लगाई.
फिर कुछ दिन पहले सुनीता आहूजा अपने बेटे यश के साथ फैमिली कोर्ट के बाहर दिखीं. मालूम पड़ा कि उन्होंने अपना तलाक का केस वापस लिया है. इसकी वजह उन्होंने राखी सावंत को फोन कॉल पर बताई थी. तब वहां पैप्स भी थे, उनके सामने सुनीता ने दावा किया कि गोविंदा एक्ट्रेस कोमल रानी के साथ दूसरी शादी करने वाले थे. ऐसा ना हो, इसलिए सुनीता ने ये कदम उठाया. हालांकि गोविंदा के मैनेजर ने इन दावों को झूठा बताया.