बिहार में मुंगेर के सफियासराय थाना इलाके के फरदा पूर्वी टोला गांव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है.यहां के रहने वाले सनोज चौधरी पर सोये अवस्था में गुड्डू चौधरी ने कुदाल से हमला कर दिया.
आरोपी ने हत्या की नियत से सनोज के गर्दन पर वार करना चाहता था लेकिन सिर से पैर तक ढका होने की वजह से आरोपी ने गर्दन समझकर पैर पर कुदाल से जोरदार वार किया जिससे सनोज का बायां पैर बुरी तरह कट गया.सनोज के चिल्लाने की आवाज सुन घर के अन्य सदस्य दौड़कर पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था. वहीं सूचना के बाद सफिया सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सनोज को परिजनों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
घायल सनोज और उसके भाई संजीत चौधरी ने बताया कि मेरा छोटा भाई विशाल प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है और आरोपी गुड्डू के परिवार को भी लेकर कमाने गया था.लेकिन गुड्डू मेरे भाई पर पत्नी को भगाने का आरोप लगाने लगा जिसके बाद मेरे भाई ने उसकी पत्नी और बच्चे को महिला के मायके पहुंचा दिया.वहीं रविवार की देर रात गुड्डू कुदाल लेकर आया और मेरे छोटे भाई विशाल को समझकर सनोज चौधरी पर कुदाल से हमला कर घायल कर दिया.गनीमत थी कि सनोज बिस्तर ओढ़ कर सोया हुआ था और गफलत में उसने गर्दन की जगह पैर पर वार दिया.
वहीं इस मामले में सफिया सराय थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि रविवार की रात में घटना की सूचना मिली थी.पुलिस मौके पर पहुंच कर घायल को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था.आरोपी गुड्डू चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.