बिहार के हाजीपुर में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया. नाव पर 15 से अधिक लोग सवार थे. हादसा राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास हुआ. वैशाली के जिलाधिकारी ने हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है. वहीं, 5 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
जानकारी के मुताबिक, नाव पर सवार लोग भोज खाने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान गंगा नदी में नाव पलट गई और उस पर सवार लोग नदी में गिर गए. अचानक हुए इस हादसे से नाव पर सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में स्थानीय पुलिस-प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया.
हादसे में अपनों को खोने वाले परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क कर रही है. मृतकों की पहचान और उनके परिवारों तक जानकारी पहुंचाने का काम किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है.
घटना के बाद के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें मौके पर अफरा-तफरी का माहौल नजर आ रहा है. हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुटी हुई है और पीड़ितों को मदद पहुंचाने की कोशिश की जा रही है. मौके पर एंबुलेंस दौड़ती दिखाई दे रही हैं. हादसे की गंभीरता के बीच लोग अपने परिजनों की जानकारी जुटाने में लगे हैं. वहीं, मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पुलिस उनसे संपर्क कर रही है.
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की घटना पर दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा कि हादसे की दुर्भाग्यपूर्ण खबर मिली है और डूबने वालों में अधिकांश बच्चे हैं. तेजस्वी यादव ने सभी के सुरक्षित होने की कामना की. उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों, प्रशासन और अधिकारियों से बातचीत कर राहत-बचाव और उपचार कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है.