चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है. एनकाउंटर के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने बिहार पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है. वीडियो में भरत तिवारी का चचेरा भाई और बिहार पुलिस का कॉन्स्टेबल आशीष कुमार तिवारी कथित तौर पर अपने भाई की मौत का बदला लेने की बात करता दिखाई दिया.
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए. पूर्वी चंपारण पुलिस ने पहले कॉन्स्टेबल को कारण बताओ नोटिस जारी कर उसका पक्ष मांगा, लेकिन विभाग के मुताबिक उसका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया.
प्राथमिक जांच में सेवा नियमों के उल्लंघन, अनुशासनहीनता और कदाचार के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद आशीष कुमार तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. साथ ही बिहार सरकारी सेवक आचरण (संशोधन) नियम, 2026 के तहत विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब कॉन्स्टेबल आशीष तिवारी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई हो. इससे पहले वर्ष 2023 में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में भी कार्रवाई की गई थी. वहीं 2024 में सर्विस पिस्टल से जुड़े एक अन्य मामले में भी वह जांच के दायरे में आया था, जो फिलहाल न्यायालय में लंबित है.
बिहार पुलिस का कहना है कि वर्दी पहनने वाला कोई भी कर्मचारी कानून और सेवा नियमों से ऊपर नहीं है. फिलहाल कॉन्स्टेबल निलंबित है और विभागीय जांच की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.