बिहार के भागलपुर में मगही स्टार रोशन रोही और भोजपुरी अभिनेत्री डिंपल सिंह के कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ने से अफरा-तफरी मच गई. सैंडिस कंपाउंड मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपने पसंदीदा कलाकारों की एक झलक पाने के लिए लोगों में होड़ लग गई. देखते ही देखते भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. हालात संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.
दरअसल, कार्यक्रम में रोशन रोही और डिंपल सिंह को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. भीड़ लगातार आगे बढ़ने की कोशिश कर रही थी. इस दौरान मैदान में लगाई गई बांस की बैरिकेडिंग टूट गई. कार्यक्रम स्थल पर रखे सोफे भी इधर-उधर बिखरे नजर आए.
हालात बिगड़ते देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला. भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति सामान्य करने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजीं. इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और जवान भी तैनात
कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अग्निशमन विभाग की गाड़ियां और जवान भी बड़ी संख्या में तैनात किए गए थे. इसके बावजूद भारी भीड़ के चलते व्यवस्था बिगड़ गई. घटना के दौरान मैदान में उमड़ी भीड़ की तस्वीरें और ड्रोन से लिए गए दृश्य भी सामने आए हैं.
फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ और पुलिस के लाठीचार्ज के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.