scorecardresearch
 

मगरमच्छ को पकड़ा, बाइक पर लादा और गांव ले आए... फिर उसके साथ रील बनाने लगी भीड़, Video

बिहार के बेतिया जिले के दूधियवा गांव में स्कूल के पास मगरमच्छ दिखाई देने से हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने मगरमच्छ को पकड़कर रस्सी से बांधा और बाइक पर लादकर गांव ले आए. इसके बाद लोग उसके साथ फोटो और रील बनाने लगे. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ का रेस्क्यू किया और उसे नदी में छोड़ दिया.

Advertisement
X
मगरमच्छ के साथ गांव में लोग बना रहे थे रील. (Photo: Screengrab)
मगरमच्छ के साथ गांव में लोग बना रहे थे रील. (Photo: Screengrab)

सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक लोगों से क्या-क्या नहीं करवाता! कभी कोई चलती ट्रेन के सामने वीडियो बनाता है, तो कभी ऊंची इमारतों पर चढ़ जाता है. लेकिन बिहार के बेतिया में कुछ लोगों ने तो हद ही कर दी. यहां गांव में एक मगरमच्छ दिखाई दिया. लोग उससे दूर रहने के बजाय उसे पकड़ने पहुंच गए. फिर रस्सी से बांधा, बाइक पर लादा और गांव में ले आए.

इसके बाद गांव में मगरमच्छ को देखने वालों की भीड़ जुट गई. किसी ने मोबाइल निकाला तो किसी ने कैमरा चालू कर दिया. कुछ लोग उसके साथ रील बनाने लगे. मगरमच्छ के साथ लोगों की इस हरकत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बाद में वन विभाग की टीम पहुंची और मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू करके नदी में छोड़ दिया.

मामला बिहार के बेतिया जिले के योगापट्टी प्रखंड के दूधियवा गांव का है. शाम का वक्त था. गांव के महावीर राम के टोला के पास स्कूल के नजदीक लोगों को एक मगरमच्छ दिखाई दिया. गांव में मगरमच्छ दिखने की खबर फैली तो लोग उसे देखने पहुंचने लगे. इसके बाद ग्रामीणों ने जो किया, उसने पूरे मामले को अलग ही मोड़ दे दिया. कुछ लोगों ने मिलकर मगरमच्छ को पकड़ लिया. उसे रस्सी से बांधा और बाइक पर लादकर गांव ले आए.

Advertisement

यहां देखे वीडियो:

मगरमच्छ गांव पहुंचा तो वहां लोगों की भीड़ लग गई. कोई उसकी तस्वीर खींच रहा था, तो कोई वीडियो बना रहा था. कुछ लोग उसके साथ रील बनाने में जुट गए. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग मगरमच्छ को रस्सी से बांधकर उठाते और उसके आसपास घूमते दिखाई दे रहे हैं. कैमरे में इस पूरे घटनाक्रम को कैद करने की होड़ लगी हुई थी. जिस जानवर के साथ लोग वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर कुछ लाइक और व्यूज पाने की कोशिश कर रहे थे, उसके पास जाना उनकी जान के लिए खतरा बन सकता था.

यह भी पढ़ें: मेकअप और कपड़े बचाने के चक्कर में हादसा! दुर्गा पंडाल भगदड़ पर कोलकाता पुलिस का खुलासा

मामले की जानकारी वन विभाग को मिली तो टीम मौके पर पहुंची. वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के सीएफ गौरव ओझा ने बताया कि वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे नदी में छोड़ दिया. मगरमच्छ को गांव से हटाकर उसके प्राकृतिक ठिकाने पर पहुंचा दिया गया.

वन विभाग ने कहा- खुद पकड़ने की कोशिश न करें

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि अगर कहीं मगरमच्छ या कोई दूसरा जंगली जानवर दिखाई दे, तो उसके पास जाने या उसे खुद पकड़ने की कोशिश न करें. ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें. प्रशिक्षित टीम ही ऐसे जानवरों को सुरक्षित तरीके से पकड़ सकती है और उन्हें उनके प्राकृतिक ठिकाने तक पहुंचा सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement