scorecardresearch
 

6 माह की बच्ची रोती रही, गुस्से में मां ने हसुए से काट दिया गला, फिर खुद भी की आत्महत्या की कोशिश

बिहार के बेतिया में छह महीने की बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि बच्ची के लगातार रोने से नाराज मां ने हसुए से उसका गला काट दिया. इसके बाद उसने खुद पर भी हमला कर आत्महत्या की कोशिश की. पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि उसकी मानसिक स्थिति की भी पड़ताल की जा रही है.

Advertisement
X
 दादी की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज.(Photo: Abhishek Pandey/ITG)
 दादी की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज.(Photo: Abhishek Pandey/ITG)

बिहार के बेतिया से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. गोपालपुर थाना क्षेत्र के बड़का गांव में छह महीने की मासूम बच्ची की हत्या का आरोप उसकी मां पर लगा है. वारदात के बाद महिला ने कथित तौर पर अपने गले पर भी हसुए से वार कर आत्महत्या करने की कोशिश की. फिलहाल, उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक, मृत बच्ची की पहचान पूजा कुमारी के रूप में हुई है. उसके पिता सुनील दास रोजगार के सिलसिले में चंडीगढ़ में रहते हैं. घटना के समय घर में बच्ची, उसकी मां सीमा देवी और दादी सरस्वती देवी मौजूद थीं.

यह भी पढ़ें: बेतिया में पुलिस पर हमला! जांच करने पहुंची टीम पर ग्रामीणों ने बरसाए ईंट-पत्थर, ASI समेत 3 घायल

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात बच्ची लगातार रो रही थी. आरोप है कि काफी देर तक शांत नहीं होने पर सीमा देवी ने घर में रखा हसुआ उठाया और बच्ची के गले पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई.

वारदात के बाद खुद पर भी किया हमला

परिजनों का कहना है कि बच्ची पर हमला करने के बाद महिला ने उसी हसुए से अपने गले पर भी वार कर आत्महत्या की कोशिश की. घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर दादी सरस्वती देवी कमरे में पहुंचीं.

Advertisement

दादी ने किसी तरह महिला के हाथ से हसुआ छीन लिया और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई.

पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया. वहीं, घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है.

दादी की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज

मृत बच्ची की दादी सरस्वती देवी के आवेदन पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. वारदात में इस्तेमाल हसुआ भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच कर रही है.

जांच के दौरान पुलिस महिला की मानसिक स्थिति की भी पड़ताल कर रही है. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञों की रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा.

फिलहाल महिला पुलिस हिरासत में है. उसकी चिकित्सकीय निगरानी के साथ-साथ पूछताछ भी की जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी वजह सामने आ सके.

थाना प्रभारी ने क्या कहा?

गोपालपुर थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला मानसिक रूप से परेशान प्रतीत हो रही है. हालांकि इसकी पुष्टि केवल चिकित्सकीय जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है.

Advertisement

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement