बिहार के सारण जिले के छपरा स्थित हेमनगर इलाके में एक कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस के रिसाव की सूचना मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. गैस की तेज गंध फैलते ही आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं. सारण के एसडीएम (SDM) नितेश कुमार और क्षेत्रीय अग्निशमन अधिकारी सूरज कुमार दलबल के साथ खुद घटनास्थल पर पहुंचे हैं.
क्षेत्रीय अग्निशमन अधिकारी सूरज कुमार ने बताया, 'हमें जैसे ही गैस लीक की सूचना मिली तो तुरंत टीम पहुंची. यहां आने के बाद पता चला कि कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का रिसाव हो रहा है. अभी स्थिति सामान्य है लेकिन थोड़ी-थोड़ी गैस लीक हो रही है. जल्द ही इंजीनियर यहां पहुंचकर लीक को ठीक करेंगे. आसपास के लोग जिन्हें दिक्कत महसूस हो रही है उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. अभी एक शख्स को अस्पताल पहुंचाया गया है.'
यह भी पढ़ें: कबाड़ी से खरीदा सिलेंडर, काटा तो अमोनिया गैस का होने लगा रिसाव, पूरे इलाके में मच गई अफरा-तफरी
वहीं सारण के एसडीएम (SDM) नितेश कुमार ने कहा, 'हमें सूचना मिली थी कि कोल्ड स्टोरेज के अंदर अमोनिया गैस लीक हुई है. हमने उसी का निरीक्षण किया. पाइपलाइन द्वारा जो मेन सप्लाई हो रही थी उसे बंद कर दिया गया है. जहां पर पाइपलाइन में लीक हुआ उसका प्रभाव अभी है. फायर ब्रिगेड की गाड़ी से पानी का छिड़काव किया जा रहा है और एयर प्यूरीफायर की भी मदद ली जा रही है ताकि वातावरण में जो अमोनिया गैस फैली है उस पर काबू पाया जा सके. हमारी जांच जारी है. कोल्ड स्टोरेज में कोई सेफ्टी उपकरण भी नहीं हैं. '