
New Toyota Fortuner Launch: कुछ गाड़ियां ऐसी होती हैं जिनका नाम ब्रांड से भी उपर उठ जाता है. ये सिर्फ ट्रांसपोर्ट का एक साधन नहीं होते, बल्कि अपने समय की पहचान बन जाते हैं. जब ऐसे नामों का रूप बदलता है तो वो अपने इतिहास के साथ संवाद करते हैं. आज वही संवाद शुरू होता दिख रहा है. बीते कल की मजबूत परंपरा अब आने वाले कल की नई शक्ल लेने जा रही है, और यह बदलाव सिर्फ एक गाड़ी का नहीं, बल्कि एक पूरे दौर का संकेत है.
यह वही कहानी है, जहां भरोसे और ताकत की पहचान रही Fortuner अब अपने अगले अध्याय की ओर बढ़ रही है. जैसे इतिहास में हर पीढ़ी अपने पहले से अलग पहचानी जाती है, वैसे ही यह बदलाव भी पुराने अनुभव और नई सोच के गठजोड़ से जन्म ले रहा है. फुल साइज SUV सेगमेंट की सबसे लोकप्रिय गाड़ियों में शामिल Toyota Fortuner अब अपने नए अवतार में आने वाली है.

पिछले साल नवंबर में नौवीं जनरेशन की Toyota Hilux से पर्दा उठने के बाद अब अगली जनरेशन Fortuner की तैयारियां तेज हो गई हैं. थाईलैंड से सामने आई पहली स्पाई फोटो में इस SUV को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है. मौजूदा Fortuner इस साल अपने 10 साल पूरे कर रही है और कंपनी इसका ग्लोबल डेब्यू इसी साल के अंत तक करने की प्लानिंग कर रही है.
नई जनरेशन Fortuner और Hilux एक ही प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होंगी. इसमें अपग्रेड किया गया IMV यानी इनोवेटिव इंटरनेशनल मल्टी-पर्पज व्हीकल आर्किटेक्चर मिलेगा. यह पहले की तरह लैडर फ्रेम पर ही रहेगा लेकिन इसे और ज्यादा मॉडर्न बनाया गया है. इस प्लेटफॉर्म पर पेट्रोल, डीजल, 48-वोल्ट माइल्ड हाइब्रिड, फुली इलेक्ट्रिक और यहां तक कि हाइड्रोजन फ्यूल सेल जैसे पावरट्रेन को भी सपोर्ट करने की क्षमता है, जो अलग-अलग बाजार के हिसाब से पेश किए जाएंगे.
हालांकि टेस्ट म्यूल से डिजाइन की ज्यादा जानकारी नहीं मिलती है, लेकिन नई Fortuner में नई Hilux की झलक साफ देखने को मिल सकती है. इसमें स्ट्रेट और बोल्ड फ्रंट लुक, बड़ी ग्रिल, शार्प हेडलैंप और फ्लैट बोनट मिलने की उम्मीद है. पीछे की तरफ स्क्वायर डिजाइन, नए टेललैंप, बदला हुआ बंपर और टेलगेट देखने को मिल सकता है. कुल मिलाकर SUV का रग्ड कैरेक्टर बना रहेगा लेकिन अब ये ज्यादा मॉडर्न अंदाज में दिखेगा.
नई Fortuner का इंटीरियर भी काफी हद तक नई Hilux से इंस्पायर्ड हो सकता है. इसमें 12.3 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलने की उम्मीद है. मौजूदा मॉडल की इलेक्ट्रिकल लिमिटेशन को भी नए मॉडल में दूर किया जाएगा. इसमें इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल फ्रंट सीट्स, सीट वेंटिलेशन, इलेक्ट्रिक पावर स्टीयरिंग और अपडेटेड टोयोटा सेफ्टी सेंस जैसे एडवांस ड्राइवर असिस्ट फीचर्स शामिल हो सकते हैं.
नई Fortuner में ओवर द एयर यानी OTA अपडेट की सुविधा दी जाएगी, जिससे इसके इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम लंबे समय तक अपडेट रहेंगे. इसके अलावा केबिन स्पेस और कम्फर्ट को भी बेहतर बनाया जाएगा. सस्पेंशन सेटअप में बदलाव की उम्मीद है जिससे राइड क्वालिटी ज्यादा आरामदायक हो सके. केबिन में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक और मटेरियल की क्वालिटी भी पहले से बेहतर होगी.

थर्ड जेनरेशन Fortuner में 2.8 लीटर डीजल और 2.7 लीटर पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है. इसके साथ 2.8 लीटर 48-वोल्ट माइल्ड हाइब्रिड डीजल इंजन भी दिया जा सकता है, जिसे हाल ही में भारत में पेश किया गया है. ग्लोबल मार्केट के लिए इसका इलेक्ट्रिक वर्जन भी आ सकता है और भविष्य में FCEV विकल्प भी जोड़ा जा सकता है. भारत में फिलहाल पेट्रोल, डीजल और माइल्ड हाइब्रिड इंजन मिलने की ही संभावना है. ट्रांसमिशन के लिए 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प रहेगा.
Toyota Fortuner का ये नया अवतार फिलहाल टेस्टिंग मोड में है. इस एसयूवी को भारतीय बाजार में पेश करने से पहले कंपनी इस हर तरह से टेस्ट करना चाहती है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस साल के अंत तक टोयोटा फॉर्च्यूनर के ग्लोबल डेब्यू की उम्मीद है. सबसे पहले इसे थाईलैंड के बाजार में पेश किया जा सकता है. जबकि भारत में इसकी लॉन्चिंग 2027 की शुरुआत तक हो सकती है.
भारत में Fortuner अब भी सेगमेंट लीडर बनी हुई है. दशकों से इस एसयूवी को कोई सीधा प्रतिद्वंदी नहीं मिला है. जब टोयोटा फॉर्च्यूनर ने भारतीय बाजार में रफ्तार पकड़ी तो ज्यादातर दिग्गज (फोर्ड एंडेवर, मित्सुबिशी पजेरो) मैदान छोड़ चुके थें. हालांकि महिंद्रा और एमजी मोटर्स ने अपने अल्टुरस जी4 और ग्लॉस्टर जैसे मॉडलों से सेग्मेंट में पैठ बनाने की कोशिश की लेकिन वो नाकाम रहें. लेकिन अब इसे MG Majestor, Volkswagen Tayron और Skoda Kodiaq जैसी नई फुल साइज एसयूवी कारों को कड़ी टक्कर मिलने वाली है.
भारतीय बाजार में टोयोटा फॉच्यूर्नर अपन सेगमेंट में शानदार प्रदर्शन कर रही है. बीते जनवरी में कंपनी ने इसके 3,046 यूनिट की बिक्री की है. जो पिछले साल जनवरी में बेचे गए 3,149 यूनिट के मुकाबले तकरीबन 3 प्रतिशत कम रही. बावजूद इसके ये कंपनी की इनोवा और हाइराइडर के बाद तीसरी बेस्ट सेलिंग मॉडल रही है. इस समय Toyota Fortuner के मौजूदा मॉडल की कीमत 34.16 लाख रुपये से लेकर 49.59 लाख रुपये तक जाती है.