
Anti Theft Wheel Lock Nut Price: क्या हो अगर आप एक सुबह नींद से उठे और अलसाए बदन उंघते हुए घर के बाहर आएं. गेट खोलने के बाद जब आपकी नज़र पास में खड़ी अपनी कार पर पड़े तो कार... पहियों पर नहीं बल्कि ईंट और पत्थर पर टिकी नज़र आए. यकीन मानिए होश फाख्ता होते देर नहीं लगेगी. लेकिन आज-कल ये नजारा आम हो चला है. अरे रात तो छोड़िए, कुछ इलाकों में शातिर चोरों ने ऐसा आतंक मचा रखा है कि, दिन-दहाड़े कार के टायर और व्हील गायब हो जा रहे हैं.
यदि आप चाहते हैं, आपके जीवन में ऐसी कोई सुबह न आए तो इससे बचने के लिए एक छोटा-सा लेकिन बेहद उपयोगी एक्सेसरी काम आ सकता है, जिसे व्हील लॉक नट (Wheel Lock Nut) कहा जाता है. यह देखने में सामान्य व्हील नट जैसा ही होता है, लेकिन इसकी बनावट इसे खास बनाती है. इसे खोलने के लिए एक स्पेशल चाबी या सॉकेट की जरूरत पड़ती है. यानी अगर किसी चोर के पास इस लॉक नट की सही चाबी नहीं है, तो उसके लिए पहिये को खोलना काफी मुश्किल हो सकता है. खास बात यह है कि इसे कार में लगवाने के लिए किसी बड़े बदलाव की जरूरत नहीं होती. आइए जानते हैं कि व्हील लॉक नट क्या है, यह किस तरह काम करता है और इसे खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
क्या होता है व्हील लॉक नट और कैसे करता है काम
व्हील लॉक नट एक खास तरह का सिक्योरिटी फास्टनर होता है, जिसे कार के पहिये पर किसी आम नट की ही तरह कसा या टाइट किया जाता है. ये एक एंटी थेफ्ट व्हील नट है जो पहियों को चोरी होने से बचाता है. सामान्य कारों में पहियों को कई व्हील नट या बोल्ट की मदद से टाइट किया जाता है. इन्हें खोलने के लिए आमतौर पर सामान्य व्हील स्पैनर या पाने का इस्तेमाल किया जा सकता है.
यह भी पढें: Hyundai के इतिहास की सबसे बड़ी सेल, ताबड़तोड़ बेची कारें
वहीं, व्हील लॉक नट का डिजाइन रेगुलर नट से अलग होता है. इसके बाहरी हिस्से पर खास पैटर्न, खांचे या अलग तरह की शेप दी जाती है. इसे खोलने के लिए कंपनी की ओर से एक खास की (Key) या एडॉप्टर दिया जाता है. यह की लॉक नट के पैटर्न से मेल खाती है और उसी की मदद से इसे खोला जा सकता है. इसे किसी भी सामान्या पाने या व्हील स्पेनर से नहीं खोल सकते हैं.
आमतौर पर कार के हर पहिये में लगे सामान्य नट में से एक नट को व्हील लॉक नट से बदल दिया जाता है. इस तरह चारों पहियों पर एक-एक लॉक नट लगाया जा सकता है. हालांकि, कुछ किट में लॉक नट की संख्या अलग भी हो सकती है. इसे आप अपने जरूरत के अनुसार बढ़ा भी सकत हैं. लेकिन एक व्हील में एक ही नट काफी माना जाता है.

क्या कभी चोरी नहीं होंगे व्हील
इस बात की पूरी 100 फीसदी गारंटी नहीं ली जा सकती है. लेकिन इसमें कोई दो राय नहीं है कि, ये व्हील लॉक नट खोलना आसान नहीं है. जैसा कि हमने बताया कि, ये केवल नट के साथ आने वाले चाबी या सॉकेट से ही खोले जा सकते हैं. इसलिए चोरों को खोलने के लिए एक्स्ट्रा एफर्ट या मेहनत करनी पड़ सकती है. मान लीजिए, यदि आपने अपने कार के सभी पहियों में एक-एक व्हील लॉक नट लगाया है तो सभी पहियों को खोलना चोर के लिए आसान नहीं होगा. पूरी संभावना है कि, उसके पास ऐसा कोई जुगाड़ या पाना न भी हो. ऐसे में ये एक सेफ्टी गार्ड की तरह काम करता है.
व्हील लॉक नट लगाने के क्या हैं फायदे
व्हील लॉक नट लगाने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह कार के पहियों को चोरी होने से बचाने के लिए एक एक्स्ट्रा सेफ्टी लेयर देता है. खासतौर पर उन कारों के लिए यह उपयोगी है, जिनमें महंगे अलॉय व्हील लगे होते हैं. कई बार कार के ओरिजिनल अलॉय व्हील की कीमत काफी ज्यादा होती है. ऐसे में इस तरह के वाहन चोरों के निशाने पर होते हैं.
इसका दूसरा फायदा यह है कि इसे लगाने के लिए कार के पूरे व्हील सिस्टम में कोई बड़ा बदलाव नहीं करना पड़ता. सामान्य व्हील नट की जगह सिक्योरिटी लॉक नट लगाया जाता है. जरूरत पड़ने पर इसे उसकी खास चाबी से आसानी से खोला भी जा सकता है.
यह भी पढें: 75% नंबर... ऑनलाइन ट्यूटोरियल! लर्निंग DL पाना भी होगा मुश्किल
इसके अलावा, यह कार के ओरिजिनल व्हील और आफ्टरमार्केट अलॉय व्हील दोनों के लिए उपलब्ध होता है. हालांकि, दोनों के लिए लॉक नट का साइज और डिजाइन अलग हो सकता है. कुछ प्रीमियम व्हील लॉक नट में एंटी-कट, एंटी-ड्रिल और रोटेटिंग एक्सटर्नल टेक्नोलॉजी भी होती है, जिससे इन्हें जबरदस्ती खोलना और मुश्किल हो जाता है.
खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
ऑनलाइन व्हील लॉक नट खरीदना आसान है, लेकिन केवल कार का नाम देखकर इसे ऑर्डर करना सही नहीं होगा. हर कार के व्हील बोल्ट और नट का साइज एक जैसा नहीं होता. इसलिए खरीदने से पहले कुछ जरूरी तकनीकी जानकारियां जांचना बेहद जरूरी है.
थ्रेड साइज और पिच: सबसे पहले कार के व्हील नट का थ्रेड साइज और पिच पता करें. उदाहरण के लिए M12x1.5, M12x1.25 और M14x1.5 अलग-अलग साइज हैं. गलत साइज का लॉक नट खरीदने से यह व्हील में ठीक से फिट नहीं होगा.
नट या बोल्ट का चुनाव: कुछ कारों में व्हील नट का इस्तेमाल होता है, जबकि कुछ में व्हील लॉक बोल्ट लगाए जाते हैं. इसलिए अपनी कार के हिसाब से सही विकल्प चुनें.
सीट टाइप: व्हील लॉक नट का सीट डिजाइन भी काफी अहम है. यह कोनिकल, स्फेरिकल या फ्लैट डिजाइन में हो सकता है. गलत सीट डिजाइन का इस्तेमाल करने से व्हील पर सही पकड़ नहीं बनेगी और नट या व्हील को नुकसान पहुंच सकता है.
लॉक नट की लंबाई: लॉक नट की लंबाई भी कार के ओरिजिनल व्हील के हिसाब से होनी चाहिए. बहुत लंबा या छोटा नट लगाने से फिटमेंट और सेफ्टी प्रभावित हो सकती है.
कंपनी और वारंटी: कोशिश करें कि किसी भरोसेमंद ब्रांड का प्रोडक्ट खरीदें. इसके साथ मिलने वाली सिक्योरिटी की, स्पेयर की और वारंटी की जानकारी भी जरूर देखें.
खरीदने से पहले कार की ओनर मैनुअल, कंपनी के अधिकृत सर्विस सेंटर या व्हील एक्सपर्ट से भी जरूर बात कर लें.
कितने में मिलता है ये नट
भारत में व्हील लॉक नट कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं. इनमें अमेजन, फ्लिपकार्ट, टायर्स एंड मोर इत्यादि शामिल हैं. इनकी कीमत ब्रांड, कार के मॉडल, कम्पैटिलिटी, टेक्नोलॉजी, वेरिएंट और किट में मिलने वाले नट की संख्या के हिसाब से अलग-अलग होती है. आमतौर पर ये 1200 रुपये से लेकर 4,000 रुपये तक की कीमत में आते हैं.
व्हील लॉक नट लगाने का सही तरीका क्या है
व्हील लॉक नट लगाने का तरीका बहुत मुश्किल नहीं है, लेकिन इसमें लापरवाही करना महंगा पड़ सकता है. बेहतर होगा कि इसे किसी अधिकृत सर्विस सेंटर या अनुभवी टायर एक्सपर्ट से लगवाया जाए. अगर आप इसे खुद लगाना चाहते हैं, तो सही टूल और कार के निर्माता की ओर से बताए गए टॉर्क का इस्तेमाल करें.

सबसे पहले कार को किसी ऐसे सरफेस पर पार्क करें जो बिलकुल बराबर हो. हैंडब्रेक लगाएं और इंजन बंद कर दें. इसके बाद जिस व्हील पर लॉक नट लगाना है, उसके एक रेगुलर नट को सही साइज के स्पैनर से खोलें. अब उसकी जगह नया व्हील लॉक नट लगाएं. इसके बाद किट के साथ मिलने वाली विशेष चाबी को लॉक नट पर ठीक से फिट करें. हाथ से नट को कुछ घुमाकर सही थ्रेड एंगेजमेंट चेक करें. फिर निर्माता की ओर से बताए गए टॉर्क के अनुसार टॉर्क रिंच की मदद से इसे कसें. नट को जरूरत से ज्यादा कसने से बचें. इसी तरह कार के चारों पहियों पर एक-एक लॉक नट लगाया जा सकता है.
हालांकि, आपकी किट में जितने लॉक नट दिए गए हैं, उसी के अनुसार इंस्टॉलेशन करें. ध्यान रखें कि व्हील लॉक नट के अलावा बाकी सभी रेगुलर नट भी सही तरीके से कसे होने चाहिए.
सर्विसिंग या पंचर के समय ध्यान दें
यदि आपने कार में व्हील लॉक नट लगाया है और आपको किसी कारणवश अपने वाहन को सर्विस सेंटर ले जाना पड़ता है. तो इस स्थिति में सर्विस सेंटर या मैकेनिक को यह जरूर बताएं कि, आपके कार में व्हील लॉक नट लगाया है. यदि टायर को खोलने की जरूरत पड़ती है तो इसके लॉक नट को खोलने और लगाने के लिए इम्पैक्ट गन का इस्तेमाल न करें. इससे लॉक की चाबी या नट का पैटर्न खराब हो सकता है.
यह भी पढें: मम्मी-डैडी भी होंगे खुश! इस दिवाली ₹3.50 लाख में घर लाएं कार, देखें ऑप्शन
व्हील लॉक नट लगाने के बाद सबसे जरूरी बात उसकी खास चाबी को संभालकर रखना है. अगर रास्ते में टायर पंचर हो जाए और आपके पास लॉक नट की चाबी नहीं है, तो रेगुलर स्पैनर से पहिया खोलना मुश्किल हो सकता है. ऐसी स्थिति में आपको पंचर की दुकान या सर्विस सेंटर पर भी परेशानी हो सकती है. इसलिए लॉक नट की चाबी को कार के टूल किट में सुरक्षित जगह पर रखें. इसे ऐसी जगह न रखें, जहां जरूरत पड़ने पर ढूंढना मुश्किल हो. इसके साथ मिलने वाला सिक्योरिटी कोड या की कोड कार्ड भी संभालकर रखें. कुछ ब्रांड इसी कोड की मदद से खोई हुई चाबी का रिप्लेसमेंट उपलब्ध कराते हैं.
पंचर के समय टायर खोलने से पहले मैकेनिक को बता दें कि कार में व्हील लॉक नट लगा हुआ है. उसे स्पेशल चाबी का इस्तेमाल करना होगा. किसी भी सामान्य सॉकेट या हथौड़े से इसे खोलने की कोशिश न करने दें. सर्विसिंग के दौरान भी मैकेनिक को इसकी जानकारी देना जरूरी है. टायर रोटेशन, ब्रेक पैड बदलने, सस्पेंशन की जांच या अलॉय व्हील की मरम्मत के दौरान पहिये खोलने पड़ सकते हैं. ऐसे में स्पेशल चाबी का इस्तेमाल किया जाना चाहिए.
व्हील लॉक नट की चाबी खो जाए तो क्या करें.
यह एक ऐसी समस्या है, जिसका सामना लॉक नट इस्तेमाल करने वाले कार मालिकों को कभी भी करना पड़ सकता है. अगर इसकी चाबी खो जाती है, ऐसी स्थिति में सबसे पहले लॉक नट के साथ मिलने वाले की कोड कार्ड या पैकेजिंग को देखें. कई प्रीमियम कंपनियां इस कोड के आधार पर नई चाबी उपलब्ध कराती हैं. इसके लिए आपको कंपनी या उसके अधिकृत डीलर से संपर्क करना होगा.
अगर की कोड उपलब्ध नहीं है, तो अधिकृत सर्विस सेंटर या किसी व्हील एक्सपर्ट की मदद लें. बिना जानकारी के लॉक नट को हथौड़े से मारकर या ड्रिल करके निकालने की कोशिश न करें. इससे अलॉय व्हील, व्हील स्टड और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है. अगर आपकी किट में स्पेयर चाबी (एक्स्ट्रा की) मिलती है, तो उसे पहली चाबी से अलग किसी सुरक्षित जगह पर रखें. इससे एक चाबी खोने की स्थिति में दूसरी चाबी काम आ सकती है.
क्या हर कार में व्हील लॉक नट लगवाना जरूरी है
ऐसा कोई नियम नहीं है कि हर कार में व्हील लॉक नट लगवाना अनिवार्य है. यह एक एक्स्ट्रा सिक्योरिटी एक्सेसरी है, जिसे कार मालिक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार चुन सकते हैं. हालांकि, जिन कारों में महंगे अलॉय व्हील लगे हैं या जिन्हें अक्सर खुले पार्किंग एरिया में खड़ा करना पड़ता है, उनके लिए यह काफी उपयोगी साबित हो सकता है. खासकर महंगी SUV, प्रीमियम सेडान और मॉडिफाइड कारों के मालिकों को इस पर विचार करना चाहिए.