ईरान के खिलाफ अमेरिका के युद्ध को उसके नाटो सहयोगियों का समर्थन नहीं मिल रहा और देश में भी राष्ट्रपति ट्रंप की आलोचना बढ़ती जा रही है. इजरायल के साथ मिलकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ जंग छेड़े हुए हैं लेकिन इस जंग में उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है. इस नुकसान को लेकर ट्रंप निशाने पर हैं. अमेरिकी सांसद क्रिस मर्फी ने पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध की आलोचना करते हुए कहा कि अमेरिका हर दिन होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने के लिए 2 अरब डॉलर खर्च कर रहा है.
उन्होंने तर्क दिया कि युद्ध शुरू होने से पहले यह स्ट्रेट खुला था और यह संघर्ष जानबूझकर पैदा किया गया संकट है, जिसमें अमेरिकी लोग मारे जा रहे हैं, भारी खर्च हो रहा है और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर पड़ रहा है.
उन्होंने कहा, 'समस्या यह है कि युद्ध शुरू होने से पहले स्ट्रेट खुला था. अब हम उस समस्या को हल करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे हमने खुद पैदा किया है. यह पागलपन है.'
उन्होंने आगे कहा, 'दो अरब डॉलर बहुत बड़ी रकम है. हम इस युद्ध में हर रोज कम से कम इतना खर्च कर रहे हैं.'
ईरान अब होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले कुछ जहाजों से 20 लाख डॉलर (करीब 18.8 करोड़ रुपये) की फीस वसूल रहा है. अमेरिका और इजरायल के साथ जारी युद्ध के बीच वैश्विक शिपिंग के इस अहम मार्ग पर अपने कंट्रोल का फायदा उठाने के लिए ईरान ने यह कदम उठाया है.
ईरान की तरफ से यह फीस अब लागू भी कर दी गई है. ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य अलाद्दीन बोरौजर्दी ने ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB से कहा कि यह कदम होर्मुज पर नई संप्रभु व्यवस्था को दिखाता है.
उन्होंने कहा, 'कुछ जहाजों से 20 लाख डॉलर की ट्रांजिट फीस लेना ईरान की ताकत को दिखाता है. अब, क्योंकि युद्ध की लागत होती है, इसलिए स्वाभाविक है कि हम यह फीस लें.' उन्होंने दावा किया कि यह कदम होर्मुज पर ईरान के अधिकार को दिखाता है.
होर्मुज स्ट्रेट पर ट्रांजिट फीस को लेकर कानून बना रहा ईरान
ईरानी सरकार से जुड़े मीडिया के मुताबिक, ईरान होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लगाने के लिए कानून तैयार कर रहा है.
रिवोल्यूशनरी गार्ड से जुड़ी न्यूज एजेंसी फार्स ने बताया कि एक सांसद ने कहा है कि यह कदम होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान की निगरानी को औपचारिक रूप देने की कोशिश भी है.
रिपोर्ट के मुताबिक, इस कानून का ड्राफ्ट तैयार किया जा चुका है, लेकिन अभी पूरा नहीं हुआ है. सांसद अगले हफ्ते तक बिल का ड्राफ्ट तैयार कर संसद में पेश करने की योजना बना रहे हैं. सांसद के अनुसार, ईरान होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित गुजरने के बदले जहाजों से शुल्क वसूलेगा.
aajtak.in