स्टारलिंक के रुकने से यूक्रेनी ड्रोन की स्पीड घटी, जंग पर मस्क का खतरनाक कंट्रोल!

यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, स्पेसएक्स ने ड्रोन पर लगे स्टारलिंक टर्मिनलों की रफ्तार रातोंरात सीमित कर दी. इससे सैन्य अभियान प्रभावित हुए और अमेरिका से मिलने वाली तकनीकी तथा खुफिया मदद को लेकर यूक्रेन की चिंता बढ़ गई.

Advertisement
अमेरिका ने यूक्रेन को स्टारलिंक की सर्विस देने पर रोक लगा दी है. (Representative photo) अमेरिका ने यूक्रेन को स्टारलिंक की सर्विस देने पर रोक लगा दी है. (Representative photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 15 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:16 AM IST

यूक्रेन में अमेरिकी कंपनी स्पेसएक्स के स्टारलिंक सैटेलाइट कम्युनिकेशन सिस्टम पर अचानक पाबंदी लगाए जाने से यूक्रेनी ड्रोन की रफ्तार कुछ कम हो गई है. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के सलाहकार सर्ही बेशकरेस्तनोव ने बुधवार को बताया कि स्पेसएक्स ने यूक्रेन के ड्रोन में लगे स्टारलिंक टर्मिनल पर स्पीड लिमिट लगा दी है. इससे ड्रोन ऑपरेशन प्रभावित हुए हैं और धीमी रफ्तार से उड़ने वाले हमलावर ड्रोन रूसी एयर डिफेंस के लिए आसान निशाना बन सकते हैं.

Advertisement

स्टारलिंक यूक्रेनी सेना के लिए अहम है. इसका इस्तेमाल लंबी दूरी के ड्रोन मिशन, एयर डिफेंस सिस्टम और मोर्चे पर जरूरी सामान पहुंचाने के लिए किया जाता है. बेशकरेस्तनोव ने कहा कि यह कार्रवाई मौजूदा राजनीतिक हालात से जुड़ी हो सकती है. हालांकि, उन्होंने इसके बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी. स्पेसएक्स और व्हाइट हाउस ने इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है.

यह भी पढ़ें: ट्रंप-पुतिन की डील होते ही यूक्रेन में मस्क का स्टारलिंक बाधित, जेलेंस्की बोले- धोखा महसूस हो रहा है

इस बीच जेलेंस्की ने कहा कि रूस की तरफ से कीव पर शुरुआती बैलिस्टिक मिसाइल हमले से पहले यूक्रेन को अपने पश्चिमी साझेदारों से सामान्य तौर पर मिलने वाली चेतावनी नहीं मिली. हालांकि, बाद में मिसाइलों की तीन और लहरों को लेकर चेतावनी दी गई थी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कह चुके हैं कि अमेरिका ने यूक्रेन के साथ खुफिया जानकारी साझा करना बंद नहीं किया है. यूक्रेन की संसद की रक्षा समिति के एक सदस्य ने भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ खुफिया जानकारी साझा करना जारी है.

Advertisement

रूसी हमले में 5 की मौत, 36 घायल

रूसी सेना ने मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक यूक्रेन की राजधानी कीव पर हमला किया. कीव पुलिस के मुताबिक, इस हमले में पांच लोगों की मौत हुई और 36 लोग घायल हुए. जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने कीव, कीव क्षेत्र और खारकीव में ऊर्जा और अन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए 39 बैलिस्टिक मिसाइलें और 120 से ज्यादा ड्रोन दागे.

जेलेंस्की के मुताबिक, रूस ने लगातार तीसरी रात यूक्रेन के बिजली ग्रिड, तेल और गैस से जुड़े ठिकानों पर हमले किए. उन्होंने कहा कि कीव के तीनों संयुक्त ताप और बिजली प्लांट्स को निशाना बनाया गया और कम से कम छह लाख लोग बिजली से वंचित हो गए. जेलेंस्की ने रूस के हमलों पर नाराजगी जताते हुए अमेरिका और दुनिया के दूसरे देशों से कड़ी प्रतिक्रिया देने की अपील की.

जेलेंस्की ने ब्रिटेन से मांगी मदद

जेलेंस्की बुधवार को लंदन पहुंचे, जहां उन्होंने ब्रिटिश प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम से मुलाकात की. बर्नहम ने यूक्रेन को ब्रिटेन में बने एयर डिफेंस सिस्टम जल्द देने का ऐलान किया और कहा कि यूक्रेन के लिए ब्रिटेन का समर्थन जारी रहेगा. जेलेंस्की ने बकिंघम पैलेस में किंग चार्ल्स तृतीय से भी मुलाकात की.

यह भी पढ़ें: संसद पहुंचा स्टारलिंक विवाद... सैटेलाइट इंटरनेट के मुद्दे पर चर्चा करेगी संसदीय समिति

Advertisement

इस बीच यूक्रेन की सेना ने दावा किया कि उसने गर्मियों में शुरू हुए अभियान के दौरान पूर्वी यूक्रेन में 277 वर्ग किलोमीटर इलाके को रूस से वापस ले लिया है. इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और रूस की तरफ से इस पर कोई टिप्पणी नहीं आई.

दूसरी तरफ, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी एयर डिफेंस ने रातभर में रूस के कई क्षेत्रों, क्रीमिया और आजोव सागर के ऊपर 902 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए. मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने कहा कि 493 ड्रोन राजधानी क्षेत्र की तरफ आए, जिनमें से 180 को मॉस्को के करीब पहुंचने पर रोक दिया गया. उन्होंने किसी नुकसान या हताहत की जानकारी नहीं दी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »