रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और ICU में भर्ती हैं. रियाद में भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि की है. दूतावास के मुताबिक, तीन अन्य लोग ICU में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर हैं. वहीं, दो लोग जनरल वार्ड में हैं जबकि बाकी लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई है.
भारतीय दूतावास अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है और प्रभावित परिवारों की मदद कर रहा है. भारतीय दूतावास के मुताबिक, अधिकारियों ने उन सभी अस्पतालों का दौरा किया जहां भारतीय नागरिक भर्ती हैं. इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है. जबकि तीन लोग फिलहाल ICU में हैं.
दूतावास के अधिकारियों ने घायल भारतीय नागरिकों को चिकित्सीय देखभाल के लिए सऊदी अधिकारियों का धन्यवाद किया है. साथ ही, दूतावास ने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी रियाद हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि भारतीय दूतावास परिवार को हर संभव मदद मुहैया कराएगा.
यह भी पढ़ें: रियाद के बाद अब दम्माम एयरपोर्ट पर हूतियों का बड़ा हमला, सऊदी अरब में गहराया उड़ान संकट
पाकिस्तान के भी नागरिक घायल
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हूती हमले में छह पाकिस्तानी नागरिक घायल हुए हैं. उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. शहबाज शरीफ ने कहा कि रियाद में पाकिस्तान का दूतावास सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद मुहैया करा रहा है.
सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) के मुताबिक, हमले में कुछ लोग घायल हुए हैं. एयरपोर्ट की सुविधाओं को हुए नुकसान का आकलन और सुरक्षा जांच संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर की जा रही है.
प्रणय उपाध्याय